मधेपुरा में फिरौती के लिए अपहरण किए गए दो युवकों को पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए सकुशल बरामद कर लिया। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है। घटना को लेकर सदर थाना में प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।
9 मई को मदनपुर वार्ड-13 निवासी रामदत्त मेहता ने सदर थाना में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनके बेटे मनोहर कुमार और दामाद करण कुमार मधेपुरा मेडिकल कॉलेज से दवा और रिपोर्ट लेने गए थे। दोनों मेडिकल कॉलेज से घर लौट रहे थे, तभी कॉलेज चौक के पास उनका अपहरण कर लिया गया।
अपहर्ताओं ने दोनों युवकों के मोबाइल से कॉल कर 50 हजार रुपये की फिरौती मांगी। शिकायत मिलते ही पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। मामले की गंभीरता को देखते हुए एएसपी के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की गई।
तकनीकी अनुसंधान, मोबाइल लोकेशन और मानवीय सूचना के आधार पर पुलिस लगातार छापेमारी कर रही थी। इसी दौरान पुलिस टीम फिरौती की रकम पहुंचाने वाले स्थान पर पहुंची और घेराबंदी कर दी।
फिरौती लेने पहुंचे एक आरोपी को कॉलेज चौक स्थित सिटी कार्ट मॉल के पास गिरफ्तार कर लिया गया। गिरफ्तार आरोपी की पहचान भिरखी वार्ड-21 निवासी ज्योतिष कुमार के रूप में हुई है। उसके कब्जे से अपहृत करण कुमार को सकुशल बरामद किया गया।
ज्योतिष कुमार की निशानदेही पर पुलिस ने दूसरे अपहृत मनोहर कुमार को मधेपुरा के किरण पब्लिक स्कूल के पास एक चाय दुकान से बरामद कर लिया। इस दौरान तुनियाही वार्ड-5 निवासी सोनू कुमार को भी गिरफ्तार किया गया।
पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार सोनू कुमार का आपराधिक इतिहास रहा है। एएसपी ने बताया कि मनोहर कुमार पहले सोनू कुमार के साथ जेल जा चुका था। जेल से छूटने के बाद सोनू किशनगंज में शराब मामले में पकड़ा गया था। सोनू को शक था कि मनोहर ने ही उसे पुलिस से पकड़वाया था।
इसी रंजिश में सोनू ने अपने साथी के साथ मिलकर मनोहर और करण का अपहरण कर लिया। पुलिस के मुताबिक, बेल कराने और अन्य खर्च के नाम पर पैसे वसूलने के लिए दोनों युवकों को अगवा किया गया था।
इस कार्रवाई में सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार, रितेश कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल रहे। गिरफ्तार दोनों आरोपियों से पुलिस पूछताछ कर रही है।