पटना के होटल में युवती से छेड़खानी का आरोप: पिता के सामने कमरे में घुसा स्टाफ, पुलिस छापेमारी में 4 लड़के-4 लड़कियां शराब पीते मिले
पटना के रुपसपुर थाना क्षेत्र स्थित एक होटल में युवती के साथ छेड़खानी का मामला सामने आया है। आरोप है कि आधी रात को होटल स्टाफ का एक कर्मचारी कमरे में घुस गया और युवती का हाथ पकड़कर खींचने लगा। घटना के समय युवती अपने पिता के साथ होटल में ठहरी हुई थी। पिता की नींद खुलने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना के बाद पुलिस ने होटल में छापेमारी की, जहां दूसरे कमरों में चार लड़के और चार लड़कियां शराब पीते हुए पकड़े गए।
जानकारी के अनुसार बेगूसराय की रहने वाली युवती अपने पिता के साथ पॉलिटेक्निक की परीक्षा देने पटना आई थी। परीक्षा समाप्त होने के बाद दोनों ने शनिवार रात करीब 11 बजे रुपसपुर थाना क्षेत्र स्थित कालिकेट हिडेन विला होटल में कमरा लिया था। पीड़िता के पिता ने बताया कि उन्होंने 1000 रुपये देकर कमरा नंबर-103 बुक कराया था।
पीड़िता के पिता के मुताबिक रात करीब 12:48 बजे होटल स्टाफ का कर्मचारी सत्येंद्र कुमार नशे की हालत में कमरे में घुस आया। उस समय पिता सो रहे थे जबकि युवती जाग रही थी। आरोप है कि कर्मचारी ने युवती का हाथ पकड़ लिया और उससे पूछताछ करने लगा। पिता की नींद खुलने पर उन्होंने आरोपी से कमरे में घुसने का कारण पूछा, जिसके बाद वह बहाना बनाते हुए वहां से निकल गया।
घटना के बाद पीड़िता के पिता ने अपने भतीजे को सूचना दी। भतीजा मौके पर पहुंचा और होटल काउंटर पर मौजूद कर्मचारियों से पूछताछ की। स्टाफ ने बताया कि कमरे में घुसने वाला व्यक्ति होटल मालिक का ड्राइवर है। इसके बाद डायल-112 पर पुलिस को सूचना दी गई।
सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और होटल के सभी कमरों की तलाशी शुरू की। जांच के दौरान चार लड़कियां और चार लड़के शराब पीते हुए मिले। पुलिस ने सभी को हिरासत में लेकर थाने भेज दिया। पुलिस के पहुंचते ही होटल मैनेजर मौके से फरार हो गया।
पुलिस जांच के दौरान होटल के कमरों से खाने-पीने का सामान और कुछ आपत्तिजनक वस्तुएं भी बरामद होने की बात सामने आई है। अधिकारियों के अनुसार पकड़े गए लड़के-लड़कियों से पूछताछ की जा रही है और पूरे मामले की जांच जारी है।
रुपसपुर थाना पुलिस का कहना है कि पीड़िता के बयान और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। साथ ही होटल प्रबंधन की भूमिका की भी जांच की जा रही है।