हेडलाइन:
सुपौल: पिपरा थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए एक पिकअप वाहन से 427.95 किलोग्राम गांजा बरामद किया है। पुलिस ने मौके से एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। बरामद गांजा की अंतरराष्ट्रीय बाजार में कीमत करीब 1 करोड़ 71 लाख रुपये आंकी जा रही है।
थानाध्यक्ष राजेश कुमार झा ने बताया कि सूचना मिली थी कि मधुबनी जिले के भुतहा से भारी मात्रा में गांजा लोड कर एक पिकअप वाहन के जरिए भागलपुर भेजा जा रहा है। सूचना मिलते ही पुअनि राजीव कुमार सिंह के नेतृत्व में सिंहेश्वर मार्ग स्थित रेलवे पुल के आगे सोमवार सुबह करीब पांच बजे वाहन जांच और नाकाबंदी शुरू की गई।
इसी दौरान तेज रफ्तार में आ रही एक संदिग्ध पिकअप को रोकने का प्रयास किया गया। पुलिस को देखकर चालक वाहन लेकर भागने लगा, लेकिन पुलिस टीम ने पीछा कर उसे दबोच लिया।
तलाशी के दौरान पिकअप की पीछे की सीट और डाला के नीचे बनाए गए गुप्त चेंबर से बोरे में पैक गांजा बरामद हुआ। इलेक्ट्रॉनिक कांटा से वजन करने पर गांजा की कुल मात्रा 427.95 किलोग्राम पाई गई।
पुलिस के अनुसार तस्करों ने गांजा को बोरे में भरकर उसके ऊपर खाली कैरेट रख दिए थे, ताकि किसी को शक न हो। हालांकि गुप्त सूचना और पुलिस की सतर्कता के कारण तस्करों की यह चाल नाकाम हो गई।
गिरफ्तार तस्कर की पहचान पटना जिले के दुल्हिन बाजार थाना क्षेत्र के कोपा गांव निवासी उपेंद्र कुमार यादव के रूप में हुई है। पूछताछ में उसने पुलिस को बताया कि वह गांजा की खेप भुतहा से लेकर भागलपुर पहुंचाने जा रहा था।
पुलिस अब इस मामले में तस्करी गिरोह से जुड़े अन्य सदस्यों की तलाश और नेटवर्क की जांच में जुट गई है। बरामद गांजा और पिकअप वाहन को जब्त कर एनडीपीएस एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार तस्कर को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।