हेडलाइन:
किशनगंज SDPO केस: 80 करोड़ की संपत्ति के बाद नौकरानी भी करोड़पति, 35 लाख की कार और बंगाल में 1 करोड़ का बंगला
खबर:
किशनगंज के SDPO गौतम कुमार पर आय से अधिक 80 करोड़ रुपये की बेनामी संपत्ति का मामला सामने आने के बाद अब जांच में चौंकाने वाले खुलासे हो रहे हैं। पत्नी और कथित प्रेमिका के बाद अब उनके घर में काम करने वाली नौकरानी पारो के पास भी करोड़ों की संपत्ति मिलने की बात सामने आई है।
धरमगंज के किला बागान की रहने वाली पारो लग्जरी लाइफ जीती थी। वह करीब 35 लाख रुपये की थार कार से SDPO के घर काम करने आती थी। जांच में यह भी सामने आया है कि पारो ने पश्चिम बंगाल के उत्तर दिनाजपुर जिले में करीब 1 करोड़ रुपये का बंगला बनवाया है। इसके अलावा उसे एक बुलेट बाइक भी गिफ्ट में दी गई थी।
पारो सोशल मीडिया पर काफी एक्टिव रही है। उसके कई फोटो और वीडियो सामने आए हैं, जिनमें वह लग्जरी गाड़ियों और कैश के साथ नजर आ रही है। एक तस्वीर में उसके हाथ में करीब डेढ़ लाख रुपये नकद भी दिखाई दे रहे हैं।
इस खुलासे के बाद पारो अपने परिवार के साथ फरार बताई जा रही है। वहीं, आर्थिक अपराध इकाई (EOU) ने मामले की जांच तेज कर दी है और उससे जुड़े सभी पहलुओं को खंगाला जा रहा है।
इससे पहले EOU ने SDPO गौतम कुमार के 8 ठिकानों पर छापेमारी कर जमीन के कागजात, निवेश से जुड़े दस्तावेज, करीब 60 लाख रुपये के गहने और महंगी गाड़ियां बरामद की थीं। पूर्णिया में उनका आलीशान बंगला और अन्य संपत्तियां भी जांच के दायरे में हैं।
गौतम कुमार को पद से हटाकर पुलिस मुख्यालय बुला लिया गया है और उनके निलंबन की प्रक्रिया जारी है। मामले में आगे और बड़े खुलासे होने की संभावना जताई जा रही है।