हेडलाइन:
सहरसा में दर्दनाक हादसा: वैशाली एक्सप्रेस से गिरा युवक, दोनों पैर और एक हाथ कटा
सबहेड:
सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पर 40 मिनट तक तड़पता रहा घायल, मदद की जगह लोग बनाते रहे वीडियो
खबर:
सहरसा। पूर्व मध्य रेलवे के सहरसा-मानसी रेलखंड के सिमरी बख्तियारपुर रेलवे स्टेशन पर गुरुवार को एक दिल दहला देने वाला हादसा हो गया। सहरसा से दिल्ली जा रही वैशाली एक्सप्रेस से गिरकर एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे में उसके दोनों पैर और एक हाथ कट गया।
घटना के बाद घायल प्लेटफॉर्म संख्या एक के पास पटरी पर तड़पता रहा, लेकिन काफी देर तक कोई उसकी मदद के लिए आगे नहीं आया।
कहां का रहने वाला था घायल?
घायल की पहचान मुजफ्फरपुर जिले के कांटी थाना क्षेत्र के बीरपुर पंचायत वार्ड संख्या 12 निवासी अजीत कुमार के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, अजीत सहरसा में एक बर्तन दुकान में काम करता था और गुरुवार को वैशाली एक्सप्रेस से अपने घर मुजफ्फरपुर जा रहा था।
इसी दौरान ट्रेन के सिमरी बख्तियारपुर स्टेशन पहुंचते ही वह अचानक ट्रेन से गिर गया, जिससे वह गंभीर रूप से जख्मी हो गया।
मानवता हुई शर्मसार
हादसे के बाद स्टेशन पर लोगों की भीड़ जुट गई, लेकिन अजीत करीब 40 मिनट तक पटरी के पास तड़पता रहा। बड़ी संख्या में लोग मौजूद थे, फिर भी किसी ने उसे उठाकर अस्पताल पहुंचाने की कोशिश नहीं की।
मदद करने के बजाय अधिकतर लोग अपने मोबाइल से वीडियो बनाने में लगे रहे। अंततः कुछ स्थानीय लोगों ने हिम्मत दिखाते हुए सिमरी बख्तियारपुर अस्पताल को सूचना दी। सूचना मिलते ही एंबुलेंस मौके पर पहुंची और घायल को तुरंत अस्पताल ले जाया गया।
घटना ने एक बार फिर समाज की संवेदनहीनता पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।