हेडलाइन:
सहरसा में नशा तस्करों पर बड़ी कार्रवाई: 31.25 किलो गांजा के साथ एक गिरफ्तार, मक्का के खेत से बरामद
खबर:
सहरसा/सौरबाजार थाना पुलिस ने अवैध मादक पदार्थ के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए 31.25 किलोग्राम गांजा के साथ एक तस्कर को गिरफ्तार किया है। यह कार्रवाई पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे सघन अभियान के दौरान की गई।
पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सौरबाजार थाना क्षेत्र के डीह टोला, वार्ड संख्या-14 निवासी राजेश कुमार गांजा की खेप को एक स्थान से दूसरे स्थान भेजने की तैयारी में है। सूचना के सत्यापन के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस वाहन को देखते ही एक व्यक्ति भागने लगा, जिसे पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए पकड़ लिया।
पूछताछ में उसने अपनी पहचान राजेश कुमार के रूप में बताई। सख्ती से पूछताछ करने पर उसने बताया कि उसने गांजा मक्का के खेत में छिपाकर रखा है। आरोपी की निशानदेही पर पुलिस ने खेत से कुल 31.25 किलोग्राम गांजा बरामद कर उसे जब्त कर लिया और आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इस संबंध में सौरबाजार थाना कांड संख्या-92/2026 के तहत एनडीपीएस एक्ट की धारा 8/20(b)(ii)(c)/29 के अंतर्गत प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है। पुलिस आरोपी से गहन पूछताछ कर रही है और इस मामले से जुड़े अन्य तस्करों की पहचान के लिए फॉरवर्ड एवं बैकवर्ड लिंक की भी जांच कर रही है।
छापेमारी दल में थानाध्यक्ष खालिद हायात, पु०अ०नि० मनीष कुमार, पु०अ०नि० रिरिका कुमारी और पु०अ०नि० बिंदु कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।