हेडलाइन:
मधेपुरा में देवर-भाभी की शादी का वीडियो वायरल, नशे में दिखा दूल्हा; जबरन विवाह के आरोपों की जांच
खबर:
मधेपुरा जिले में देवर और भाभी की शादी का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें दूल्हा कथित रूप से नशे की हालत में नजर आ रहा है। वीडियो में शादी की रस्में जल्दबाजी में पूरी कराई जाती दिख रही हैं। मामला मुरलीगंज थाना क्षेत्र से जुड़ा है, जबकि शादी कुमारखंड थाना क्षेत्र के टिकुलिया गांव में 24 मार्च को कराई गई थी।
इस पूरे मामले ने तब तूल पकड़ा जब काशीपुर निवासी राजेश कुमार (41) ने 27 मार्च को अपने छोटे भाई मुकेश कुमार (33) के अपहरण की शिकायत थाने में दर्ज कराई। उन्होंने आरोप लगाया कि उनकी पत्नी पूजा कुमारी (25) के मायके वालों ने मुकेश को नशीला पदार्थ खिलाकर जबरन उसकी शादी करा दी।
वहीं, पूजा कुमारी ने इन आरोपों को सिरे से खारिज करते हुए कहा कि उन्होंने अपनी मर्जी से मुकेश कुमार से शादी की है। पूजा के अनुसार, पहले पति राजेश कुमार के साथ उनका पिछले दो वर्षों से विवाद चल रहा था और सितंबर 2023 से वह अलग रह रही थीं। उन्होंने आरोप लगाया कि बेटी होने के बाद ससुराल में उन्हें ताने दिए जाते थे और मारपीट भी की जाती थी।
पूजा ने बताया कि मुकेश कुमार उनकी देखभाल करता था और उनकी बेटी के इलाज से लेकर पढ़ाई तक में सहयोग करता था। उन्होंने यह भी दावा किया कि वह मुकेश से गर्भवती हैं और दोनों ने आपसी सहमति से मंदिर में शादी की है।
दूसरी ओर, राजेश कुमार का कहना है कि उन्होंने अपनी पत्नी को वापस लाने के लिए कई प्रयास किए, लेकिन ससुराल पक्ष तैयार नहीं हुआ। उनका आरोप है कि 24 मार्च को उनके भाई को जबरन ले जाकर शादी कराई गई और उससे पहले उसे कुछ खिला दिया गया, जिससे वह सामान्य स्थिति में नहीं था।
महिला के पिता सुधीर साह ने भी इन आरोपों को गलत बताते हुए कहा कि उनकी बेटी ने अपनी मर्जी से शादी की है। वहीं, मुकेश कुमार ने भी पुलिस के समक्ष बयान दिया है कि उसने स्वेच्छा से पूजा कुमारी से विवाह किया है।
वायरल वीडियो में युवक को अचेत अवस्था में दिखाया जा रहा है, जबकि आसपास मौजूद लोग शादी की रस्में पूरी कराते नजर आ रहे हैं। सूचना मिलने के बाद पुलिस ने युवक को बरामद कर थाने लाया।
मुरलीगंज थाना अध्यक्ष अजीत कुमार ने बताया कि परिजनों के आवेदन के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है और सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि शादी सहमति से हुई या इसमें जबरदस्ती और साजिश का कोई तत्व शामिल है।