अररिया में PDS दुकानों पर बड़ी कार्रवाई: 7 डीलरों के लाइसेंस रद्द, 28 पर कानूनी कार्रवाई के निर्देश
अररिया: जिला पदाधिकारी के निर्देश पर जिलेभर में जन वितरण प्रणाली (PDS) दुकानों की व्यापक जांच कराई गई। जांच के दौरान बड़े पैमाने पर अनियमितताएं सामने आने के बाद प्रशासन ने सख्त कदम उठाते हुए 7 PDS डीलरों के लाइसेंस रद्द कर दिए हैं। वहीं 4 डीलरों से स्पष्टीकरण मांगा गया है तथा 28 अन्य के खिलाफ कानूनी कार्रवाई के निर्देश जारी किए गए हैं।
जांच में खुली कई गड़बड़ियां
अररिया प्रखंड की झमटा पंचायत में डीलर अब्दुल बारी का गोदाम बंद पाया गया, जिसके कारण उनका लाइसेंस रद्द कर दिया गया।
इसी तरह डीलर सुनिता कुमारी पर पिछले छह महीने से खाद्यान्न वितरण नहीं करने का आरोप सिद्ध होने पर उनकी अनुज्ञप्ति रद्द कर दी गई।
चन्द्रदेई पंचायत में भी दो डीलरों हेमंत कुमार के लाइसेंस रद्द किए गए। एक मामले में चाबी का बहाना बनाकर दुकान बंद रखने और दूसरे में छह महीने से राशन वितरण नहीं करने की शिकायत सही पाई गई।
रानीगंज में स्टॉक में भारी गड़बड़ी
रानीगंज प्रखंड की बसैठी पंचायत में डीलर अयोध्या राम और सोचन राम की दुकानों पर स्टॉक में भारी अंतर पाया गया। साथ ही गोदाम खाली मिले, जिसके बाद दोनों के लाइसेंस रद्द कर दिए गए।
खरहट पंचायत के डीलर शंकर कुमार मंडल के यहां ई-पॉश मशीन में दर्ज 598.2 किलोग्राम खाद्यान्न भौतिक रूप से गायब पाया गया, जिस पर तत्काल कार्रवाई की गई।
फारबिसगंज में लाभुकों की शिकायत पर नोटिस
फारबिसगंज प्रखंड की पोठिया पंचायत में राजानंद यादव और मो. तालिब नजामी के खिलाफ लाभुकों ने कम मात्रा में राशन देने की शिकायत की। इस मामले में दोनों से स्पष्टीकरण मांगा गया है।
अन्य प्रखंडों में भी कार्रवाई
कुर्साकांटा, सिकटी, पलासी और भरगामा प्रखंडों में कई दुकानों के बंद पाए जाने, ई-पॉश मशीन का उपयोग नहीं करने, स्टॉक गड़बड़ी और अन्य अनियमितताओं के आरोप में कार्रवाई शुरू कर दी गई है।
डीएम ने दी सख्त चेतावनी
डीएम ने स्पष्ट कहा कि PDS व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न उपलब्ध कराना हर हाल में सुनिश्चित किया जाए, अन्यथा दोषियों पर सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।
प्रशासन की इस कार्रवाई से जिले में पारदर्शी और प्रभावी राशन वितरण व्यवस्था मजबूत होने की उम्मीद जताई जा रही है।