हेडलाइन:
गोपालगंज में वायरल ऑडियो से हड़कंप: सिधवलिया सीओ प्रीतिलता पर एफआईआर का आदेश, भू-माफिया से बातचीत का आरोप
खबर:
गोपालगंज जिले में सिधवलिया की अंचलाधिकारी और 10 हजार रुपये के इनामी भू-माफिया बदमाश के बीच कथित बातचीत का ऑडियो सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद प्रशासनिक महकमे में हड़कंप मच गया है। मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी ने तत्काल एफआईआर दर्ज कराने का आदेश दिया है।
वायरल ऑडियो में सीओ की बातचीत फरार अपराधी से होने का दावा किया जा रहा है। इसमें सरकारी जमीन पर आंगनबाड़ी केंद्र निर्माण को लेकर चर्चा होने के साथ-साथ आरोपी को विभागीय कार्रवाई से बचाने और मदद करने जैसी बातें सामने आने का दावा किया गया है।
बताया जा रहा है कि यह ऑडियो करीब दो साल पुराना है, जो अब तेजी से वायरल हो रहा है। रंजन यादव गोपालगंज के कुख्यात अपराधी की पश्चिम बंगाल के हावड़ा में हुई हत्या मामले में पिछले छह माह से फरार बताया गया है। गोपालगंज एसपी ने उसकी गिरफ्तारी पर 10 हजार रुपये का इनाम घोषित किया है।
जिलाधिकारी ने कहा कि वायरल ऑडियो में अंचलाधिकारी और एक शातिर अपराधी-सह-भू-माफिया के बीच बातचीत स्पष्ट सुनाई दे रही है। इसमें सुनियोजित तरीके से सरकारी भूमि की बंदरबांट का प्रयास प्रतीत होता है।
डीएम के अनुसार, ऑडियो क्लिप में सरकारी भूमि के एक हिस्से पर आंगनबाड़ी भवन निर्माण का प्रस्ताव दिया जा रहा है, जबकि शेष भूमि भू-माफियाओं को सौंपने के लिए मान-मनौव्वल किए जाने की बात सामने आई है।
प्रशासन ने इसे गंभीर मामला मानते हुए कहा है कि सरकारी भूमि की सुरक्षा करना अंचलाधिकारी का दायित्व है, लेकिन यदि आरोप सही पाए जाते हैं तो यह लोकसेवक आचरण नियमावली के विपरीत है।
मामले में प्रभारी अंचलाधिकारी को 24 घंटे के भीतर स्थानीय थाना में सुसंगत धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज कराने का निर्देश दिया गया है। फिलहाल प्रशासन पूरे मामले की जांच में जुटा है।