हेडलाइन:
भिट्ठा थानाध्यक्ष मनोज कुमार निलंबित, सोशल मीडिया वीडियो में गाली-गलौज का आरोप
खबर:
सीतामढ़ी जिले के भिट्ठा थाना के थानाध्यक्ष पु०अ०नि० मनोज कुमार के खिलाफ सोशल मीडिया पर एक वीडियो वायरल होने के बाद बड़ी कार्रवाई की गई है। वायरल वीडियो में थानाध्यक्ष द्वारा थाना परिसर में मौजूद कुछ लोगों के साथ गाली-गलौज किए जाने का आरोप सामने आया है, जिससे पुलिस की छवि धूमिल हुई है।
इस मामले को गंभीरता से लेते हुए पुलिस अधीक्षक, सीतामढ़ी ने इसे कर्तव्य के प्रति लापरवाही, मनमानेपन एवं कर्तव्यहीनता का परिचायक माना है। मामले की जांच के लिए अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, पुपरी को निर्देशित किया गया है, जिन्हें जांच कर रिपोर्ट समर्पित करने को कहा गया है।
प्राथमिक तौर पर आरोपों को गंभीर मानते हुए थानाध्यक्ष मनोज कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय पुलिस केंद्र, सीतामढ़ी निर्धारित किया गया है। साथ ही उन्हें निर्देश दिया गया है कि आदेश की प्रति प्राप्त होने के पांच दिनों के भीतर अपने विरुद्ध लगाए गए आरोपों पर स्पष्टीकरण प्रस्तुत करें।
इस संबंध में संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को भी आवश्यक कार्रवाई के लिए निर्देशित किया गया है।