हेडलाइन:
सारण में ड्यूटी के दौरान घायल SI ताज मोहम्मद खान का निधन: ई-रिक्शा की टक्कर के बाद पटना में तोड़ा दम
खबर:
सारण जिले के एकमा थाना में पदस्थापित सब इंस्पेक्टर ताज मोहम्मद खान का सड़क दुर्घटना में घायल होने के बाद इलाज के दौरान निधन हो गया। मंगलवार सुबह पटना के जयप्रभा मेदांता अस्पताल में उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से पुलिस महकमे में शोक की लहर दौड़ गई है।
जानकारी के अनुसार, यह हादसा बीते शनिवार को हुआ था। उस दिन एसआई खान की ड्यूटी एकमा नगर पंचायत के गंजपर गांव स्थित यशोदा भारत गैस एजेंसी के गोदाम पर लगाई गई थी, जहां गैस सिलेंडर वितरण के दौरान भारी भीड़ उमड़ रही थी।
भीड़ को नियंत्रित करने के प्रयास में वे एक उपभोक्ता को समझाने के लिए एकमा-मांझी सड़क किनारे पहुंचे थे। इसी दौरान तेज रफ्तार ई-रिक्शा (टोटो) ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी, जिससे वे गंभीर रूप से घायल हो गए।
घटना के बाद स्थानीय लोगों और पुलिसकर्मियों ने उन्हें तुरंत एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद हालत नाजुक देखते हुए उन्हें पटना रेफर किया गया, जहां जयप्रभा मेदांता अस्पताल में इलाज के दौरान उन्होंने दम तोड़ दिया।
ताज मोहम्मद खान मूल रूप से उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के रेवती के निवासी थे। करीब 57 वर्षीय खान कुछ ही वर्षों में सेवानिवृत्त होने वाले थे। उनके परिवार में पत्नी, दो बेटियां और तीन बेटे हैं, जिनमें एक बेटे की शादी अभी बाकी है।
निधन के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए पीएमसीएच भेजा गया है। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर को छपरा पुलिस लाइन लाया जाएगा, जहां उन्हें श्रद्धांजलि दी जाएगी।
एकमा थाना के थानाध्यक्ष रामबालक यादव ने बताया कि दुर्घटना का मामला पहले ही दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई थी। उन्होंने ताज मोहम्मद खान को कर्तव्यनिष्ठ, ईमानदार और मिलनसार अधिकारी बताते हुए कहा कि उनके निधन से पुलिस विभाग को अपूरणीय क्षति हुई है।
थाना परिसर में पुलिसकर्मियों और स्थानीय लोगों ने नम आंखों से उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और दिवंगत आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की।