नालंदा में महिला को निर्वस्त्र करने की कोशिश: 8 आरोपी गिरफ्तार, वीडियो वायरल करने वालों पर भी कड़ी कार्रवाई
खबर:
नालंदा जिले के नूरसराय थाना क्षेत्र में महिला की अस्मिता को ठेस पहुंचाने और उसे निर्वस्त्र करने के प्रयास के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए अब तक दो मुख्य आरोपियों सहित कुल 8 लोगों को गिरफ्तार किया है।
प्रेस वार्ता में एसपी भारत सोनी ने बताया कि घटना की गंभीरता को देखते हुए एसडीपीओ सदर-2 के नेतृत्व में एक विशेष जांच टीम (SIT) का गठन किया गया है। 26 तारीख को हुई इस घटना के बाद 27 तारीख को प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
पुलिस ने वायरल वीडियो के आधार पर दो मुख्य आरोपी अशोक यादव और मतलू महतो को पहले ही गिरफ्तार कर लिया था। इसके बाद मंगलवार रात छापेमारी कर छह अन्य आरोपी—रंजन, सचिन, दशरथ, शैलेश, डोमन और सोनू—को भी गिरफ्तार किया गया।
मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 74 (मर्यादा भंग), 75 (यौन उत्पीड़न) और 76 (निर्वस्त्र करने का प्रयास) के तहत केस दर्ज किया गया है। पुलिस अब इसमें आईटी एक्ट और बीएनएस की धारा 70 भी जोड़ रही है। एसपी ने कहा कि 30 दिनों के भीतर जांच पूरी कर स्पीडी ट्रायल के लिए कोर्ट से अनुरोध किया जाएगा, ताकि आरोपियों को कड़ी सजा दिलाई जा सके।
एसपी ने स्पष्ट चेतावनी दी है कि सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म जैसे एक्स, फेसबुक और व्हाट्सएप पर घटना का वीडियो साझा करने वालों को भी बख्शा नहीं जाएगा। साइबर सेल लगातार नजर रख रही है और कई मोबाइल जब्त किए जा चुके हैं। सिम कार्ड धारकों को भी आरोपी बनाया जाएगा।
जांच में यह भी सामने आया है कि घटना के दौरान भीड़ में कुछ महिलाएं भी शामिल थीं, जो आरोपियों को उकसा रही थीं। पुलिस ने एक महिला की पहचान कर ली है और उसकी गिरफ्तारी के प्रयास जारी हैं।
घटना के बाद इलाके में तनाव को देखते हुए पुलिस बल तैनात कर दिया गया है और पीड़िता की सुरक्षा के लिए विशेष इंतजाम किए गए हैं।