इंस्टाग्राम के प्यार में टूटी 4 साल पुरानी शादी, वैशाली में पति ने खुद करवाई पत्नी की प्रेमी से शादी
हाजीपुर/वैशाली। बिहार के वैशाली जिले से रिश्तों को झकझोर देने वाला मामला सामने आया है, जहां चार साल पुरानी शादी सोशल मीडिया पर शुरू हुए प्रेम संबंध के कारण टूट गई। पत्नी के प्रेम प्रसंग की जानकारी मिलने के बाद पति ने विरोध करने के बजाय समाज के लोगों की मौजूदगी में खुद अपनी पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी।
यह अनोखा मामला जंदाहा प्रखंड के खोपी पंचायत का है। महिला की पहचान संजू देवी (25), उसके प्रेमी वरुण कुमार (27) और पूर्व पति मुकेश कुमार के रूप में हुई है।
बताया गया कि 21 अप्रैल को बाबा बटेश्वरनाथ मंदिर परिसर में संजू देवी की शादी वरुण कुमार से कराई गई, जिसमें महिला, उसका प्रेमी और पूर्व पति मुकेश खुद मौजूद था।
2022 में हुई थी शादी, 2026 में टूटा रिश्ता
जानकारी के अनुसार, 22 अप्रैल 2022 को मुकेश कुमार मांझी की शादी संजू देवी से हुई थी। शुरुआती एक साल तक दोनों के बीच सबकुछ सामान्य रहा, लेकिन बाद में मोबाइल फोन और सोशल मीडिया को लेकर विवाद शुरू हो गया।
मुकेश का कहना है कि पत्नी ने उनसे स्मार्टफोन की मांग की थी, लेकिन आर्थिक स्थिति कमजोर होने के कारण वह केवल कीपैड फोन दिला सके। इसके बाद पत्नी नाराज रहने लगी। बाद में मायके पक्ष से उसे स्मार्टफोन दिला दिया गया।
स्मार्टफोन मिलने के बाद सोशल मीडिया पर बढ़ी सक्रियता
पति के अनुसार, स्मार्टफोन मिलने के बाद संजू सोशल मीडिया पर काफी सक्रिय हो गईं और लगातार रील्स बनाने लगीं। गांव के लोगों द्वारा ताना दिए जाने पर मुकेश ने पत्नी को वीडियो बनाने से मना किया, लेकिन इसी बात को लेकर दोनों के बीच विवाद बढ़ता गया।
मुकेश ने बताया कि पत्नी उनसे नाराज होकर कई दिनों तक बात भी नहीं करती थीं।
महाराष्ट्र कमाने गया पति, यहां शुरू हुआ प्रेम संबंध
मुकेश ने बताया कि दिसंबर 2025 में वह मजदूरी करने महाराष्ट्र चले गए थे। इस दौरान पत्नी को फोन करने पर अक्सर कॉल व्यस्त मिलता था। पूछने पर वह रिश्तेदारों से बात करने की बात कहती थीं।
बाद में गांव के लोगों से पता चला कि संजू किसी युवक से मिलती हैं। जांच करने पर युवक की पहचान वरुण कुमार के रूप में हुई। बताया गया कि दोनों की बातचीत इंस्टाग्राम के जरिए शुरू हुई थी।
फोन चेक करने पर खुला राज
मुकेश के अनुसार, घर लौटने के बाद उन्होंने पत्नी का मोबाइल देखा, जिसमें प्रेम संबंध से जुड़े संदेश मिले। पूछने पर पत्नी ने साफ कहा कि वह अब पति के साथ नहीं रहना चाहतीं और वरुण से प्यार करती हैं।
इसके बाद मामला दोनों परिवारों तक पहुंचा, लेकिन समाधान नहीं निकल सका।
पति बोला- जबरदस्ती साथ रखने से अच्छा शादी करा दूं
मुकेश ने कहा कि लगातार विवाद और तनाव के कारण वह मानसिक तनाव में चले गए थे। उन्हें डर था कि जबरदस्ती पत्नी को रोकने पर कोई बड़ी घटना हो सकती है।
इसी कारण परिवार और समाज के लोगों की मौजूदगी में उन्होंने पत्नी की शादी उसके प्रेमी से करा दी।
उन्होंने कहा कि अगर पत्नी अब वापस भी आना चाहेगी तो वह उसे अपने साथ नहीं रखेंगे।
मंदिर में हुई दूसरी शादी
बताया गया कि पहले महिला को लेकर वरुण के घर जाया गया, जहां शादी कराने की बात हुई। बाद में समाज के लोगों की सहमति से जंदाहा स्थित बाबा बटेश्वरनाथ मंदिर में दोनों की शादी कराई गई।
शादी के बाद संजू अपने नए पति वरुण के साथ चली गईं।
ऐसे हुई थी इंस्टाग्राम पर मुलाकात
वरुण कुमार ने बताया कि करीब एक महीने पहले उन्होंने इंस्टाग्राम पर संजू की रील्स देखी थी। वीडियो पसंद आने पर उन्होंने मैसेज किया। इसके बाद दोनों की बातचीत शुरू हुई और धीरे-धीरे प्रेम संबंध बन गया।
वरुण ने कहा कि अब दोनों परिवारों की सहमति है और वह संजू के साथ जीवन बिताना चाहते हैं।
पत्नी बोली- अब पहले पति के घर नहीं जाऊंगी
संजू देवी ने कहा कि वह वरुण के बिना नहीं रह सकतीं और अब अपने पहले पति के घर वापस नहीं जाएंगी।
उन्होंने आरोप लगाया कि उनके इंस्टाग्राम अकाउंट से करीब 300 वीडियो पहले पति ने डिलीट कर दिए थे, जिससे वह काफी नाराज थीं।
परिवार ने भी स्वीकारा रिश्ता
वरुण के दादा ने बताया कि जब पोते ने शादी कर ली है और बहू घर आ गई है, तो परिवार ने उसे स्वीकार कर लिया है। अब संजू परिवार की बहू हैं और किसी पक्ष से कोई शिकायत नहीं है।
इलाके में चर्चा का विषय बना मामला
चार साल पुरानी शादी टूटने और पति द्वारा खुद पत्नी की दूसरी शादी कराने की यह घटना पूरे इलाके में चर्चा का विषय बनी हुई है। लोग इसे सोशल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और बदलते रिश्तों की मिसाल के तौर पर देख रहे हैं।