Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR: डेढ़ करोड़ की विदेशी शराब जब्त: 22 चक्का ट्रेलर से 16 हजार लीटर बरामद, राजस्थान का चालक गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Wednesday, April 8, 2026

BIHAR: डेढ़ करोड़ की विदेशी शराब जब्त: 22 चक्का ट्रेलर से 16 हजार लीटर बरामद, राजस्थान का चालक गिरफ्तार

हेडलाइन:
बेगूसराय में डेढ़ करोड़ की विदेशी शराब जब्त: 22 चक्का ट्रेलर से 16 हजार लीटर बरामद, राजस्थान का चालक गिरफ्तार

खबर:
बेगूसराय में बछवाड़ा थाना पुलिस और मद्य निषेध इकाई पटना की संयुक्त कार्रवाई में बड़ी सफलता हाथ लगी है। मुरली टोल प्लाजा के पास से डेढ़ करोड़ रुपये से अधिक मूल्य की विदेशी शराब की बड़ी खेप बरामद की गई है। शराब को राजस्थान नंबर के 22 चक्का ट्रेलर में छिपाकर लाया जा रहा था।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि तेघड़ा की ओर से शराब की एक बड़ी खेप गुजरने वाली है। सूचना के आधार पर एनएच-28 स्थित मुरली टोल प्लाजा के पास सघन वाहन चेकिंग अभियान चलाया गया। इसी दौरान RJ52GA-2962 नंबर के ट्रेलर को रोककर तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में शराब बरामद हुई।

पुलिस के अनुसार ट्रक से कुल 16,422 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। जब्त शराब में किंगफिशर, थंडरबोल्ड, रॉयल स्टैग, रॉयल चैलेंजर और ऑल सीजन जैसे ब्रांड शामिल हैं। बताया जा रहा है कि यह खेप पंजाब से बिहार लाई जा रही थी और इसकी बाजार कीमत करीब पौने दो करोड़ रुपये आंकी गई है।

कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को मौके से गिरफ्तार कर लिया गया। उसकी पहचान राजस्थान के बाड़मेर जिले के सेड़वा थाना क्षेत्र निवासी सुरेश कुमार के रूप में हुई है। मुख्यालय डीएसपी निखिल कुमार ने बताया कि चालक से पूछताछ कर पूरे नेटवर्क की जानकारी जुटाई जा रही है।

जब्ती के बाद बछवाड़ा थाना परिसर में शराब की पेटियों और बोतलों की गिनती में पुलिस को घंटों मशक्कत करनी पड़ी। फिलहाल पुलिस यह पता लगाने में जुटी है कि इतनी बड़ी खेप किसे सप्लाई की जानी थी और इसके पीछे किन-किन लोगों का हाथ है। आरोपी चालक के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।