हेडलाइन:
खगड़िया के बेलदौर में पुलिस की बड़ी कार्रवाई, 46 कार्टन विदेशी शराब के साथ स्कॉर्पियो जब्त
खबर:
खगड़िया जिले के बेलदौर थाना क्षेत्र अंतर्गत पनसलवा चौढली जमींदारी बांध सह पथ से सटे मुरघटी दियारा में पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर बड़ी कार्रवाई करते हुए भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद की है। इस कार्रवाई से इलाके में अवैध शराब कारोबार से जुड़े लोगों में हड़कंप मच गया है।
जानकारी के अनुसार, बेलदौर पुलिस ने छापेमारी के दौरान झारखंड नंबर की एक स्कॉर्पियो (JH 15 J 1052) को जब्त किया। वाहन की तलाशी लेने पर उसमें से 46 कार्टन विदेशी शराब बरामद किया गया। हालांकि, अंधेरे का फायदा उठाकर तस्कर मौके से फरार होने में सफल रहा।
थानाध्यक्ष अजीत कुमार ने रविवार को बताया कि शनिवार देर रात एसआई मो. आलमगीर के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मुरघटी दियारा में घेराबंदी कर यह कार्रवाई की। उन्होंने बताया कि जब्त वाहन के मालिक के खिलाफ शराब अधिनियम के तहत प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है और आगे की कार्रवाई जारी है।