Kosi Live-कोशी लाइव बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला: 11 नए शहर बसेंगे, जमीन खरीद-बिक्री पर रोक, 4700 ‘पुलिस दीदी’ होंगी तैनात - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Thursday, April 23, 2026

बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला: 11 नए शहर बसेंगे, जमीन खरीद-बिक्री पर रोक, 4700 ‘पुलिस दीदी’ होंगी तैनात

बिहार कैबिनेट का बड़ा फैसला: 11 नए शहर बसेंगे, जमीन खरीद-बिक्री पर रोक, 4700 ‘पुलिस दीदी’ होंगी तैनात

पटना। बिहार सरकार ने राज्य के शहरी विकास, सुरक्षा और आधारभूत संरचना को लेकर बड़ा फैसला लिया है। बुधवार को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी की अध्यक्षता में हुई कैबिनेट बैठक में कुल 22 एजेंडों पर मुहर लगी। बैठक में 11 नए आधुनिक सेटेलाइट टाउनशिप विकसित करने, कई शहरों में जमीन खरीद-बिक्री पर रोक लगाने, महिला सुरक्षा के लिए 4700 ‘पुलिस दीदी’ तैनात करने समेत कई अहम फैसले लिए गए।

सरकार का मानना है कि इन फैसलों से पुराने शहरों पर दबाव कम होगा, रोजगार के अवसर बढ़ेंगे और राज्य में सुनियोजित विकास को नई दिशा मिलेगी।

11 नए आधुनिक शहर बसेंगे, इन जगहों पर बनेगी टाउनशिप

राज्य सरकार ने 11 नए सेटेलाइट शहर बसाने का निर्णय लिया है। ये टाउनशिप पटना, सोनपुर, गया, दरभंगा, सहरसा, पूर्णिया, मुंगेर, मुजफ्फरपुर, सीतामढ़ी, भागलपुर और छपरा के आसपास विकसित किए जाएंगे।

इन शहरों का नामकरण प्राचीन सांस्कृतिक पहचान के आधार पर किया जाएगा। पटना के पास बनने वाली टाउनशिप का नाम पाटलिपुत्र और सोनपुर के पास हरिहरनाथपुर रखा जाएगा।

जमीन खरीद-बिक्री पर तत्काल रोक

इन प्रस्तावित टाउनशिप क्षेत्रों में जमीन की खरीद-बिक्री और हस्तांतरण पर तत्काल प्रभाव से रोक लगा दी गई है।

जहां 30 जून 2027 तक रोक रहेगी:

  • मुजफ्फरपुर
  • सीतामढ़ी
  • भागलपुर
  • छपरा

जहां 31 मार्च 2027 तक रोक लागू:

  • पटना
  • सोनपुर
  • गया
  • दरभंगा
  • सहरसा
  • पूर्णिया
  • मुंगेर

सरकार इस दौरान इन क्षेत्रों का मास्टर प्लान तैयार करेगी, जिसमें कोर एरिया, स्पेशल एरिया, लैंड यूज और निर्माण की रूपरेखा तय की जाएगी।

4700 ‘पुलिस दीदी’ सड़कों पर उतरेंगी

महिला सुरक्षा को लेकर सरकार ने बड़ा कदम उठाया है। स्कूल-कॉलेज जाने वाली छात्राओं को सुरक्षित माहौल देने के लिए राज्यभर में 4700 महिला पुलिसकर्मियों को ‘पुलिस दीदी’ के रूप में तैनात किया जाएगा।

इसके लिए:

  • 1500 स्कूटी खरीदी जाएंगी
  • 3200 मोटरसाइकिलें खरीदी जाएंगी

ये पुलिस दीदी सड़कों, स्कूलों, कॉलेजों और सार्वजनिक स्थलों पर गश्ती करेंगी।

सड़क हादसों को मिला ‘आपदा’ का दर्जा

कैबिनेट ने सामूहिक सड़क दुर्घटनाओं को विशेष स्थानीय आपदा घोषित किया है। अब बाढ़ या भूकंप की तरह सड़क हादसों में मृतकों और घायलों को SDRF फंड से मुआवजा दिया जाएगा।

15 सितंबर 2021 से 31 मार्च 2022 तक के पीड़ित परिवारों को भी इसका लाभ मिलेगा।

हरिहरनाथ मंदिर बनेगा भव्य धार्मिक केंद्र

सारण जिले के सोनपुर स्थित ऐतिहासिक बाबा हरिहरनाथ मंदिर को काशी विश्वनाथ कॉरिडोर की तर्ज पर विकसित किया जाएगा। इसके लिए सरकार ने 680 करोड़ रुपये मंजूर किए हैं।

कॉरिडोर बनने से मंदिर परिसर का सौंदर्यीकरण होगा और श्रद्धालुओं को आधुनिक सुविधाएं मिलेंगी।

दो नए एयरपोर्ट की भी मंजूरी

हवाई यात्रा को बढ़ावा देने के लिए सरकार ने दो नए ग्रीनफील्ड एयरपोर्ट बनाने का फैसला लिया है:

  • सोनपुर
  • अजगैबीनाथ धाम (भागलपुर)

इसके अलावा दरभंगा एयरपोर्ट के स्थायी सिविल एन्क्लेव के लिए 1.35 एकड़ जमीन नि:शुल्क दी गई है।

शिक्षा और रिसर्च को भी बढ़ावा

कैबिनेट ने उच्च शिक्षा और अनुसंधान के क्षेत्र में भी कई बड़े फैसले लिए हैं।

  • बेगूसराय में निफ्ट खोलने के लिए 20 एकड़ जमीन दी गई
  • पटना के पुनपुन (डुमरी) में नेशनल फॉरेंसिक साइंसेज यूनिवर्सिटी का कैंपस बनेगा
  • आईआईटी पटना में रिसर्च पार्क बनाने के लिए 305 करोड़ रुपये का अनुदान दिया जाएगा

बुजुर्गों को बड़ी राहत

80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को अब जमीन रजिस्ट्री के लिए दफ्तरों के चक्कर नहीं लगाने होंगे। सरकारी कर्मचारी उनके घर जाकर रजिस्ट्री की औपचारिकताएं पूरी करेंगे।

सरकार का दावा: रोजगार और विकास को मिलेगा बढ़ावा

सरकार का कहना है कि नए सेटेलाइट शहर बसने से पुराने शहरों पर जनसंख्या और संसाधनों का दबाव कम होगा। साथ ही उद्योग, निवेश और रोजगार के नए अवसर पैदा होंगे, जिससे बिहार की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।