हेडलाइन:
भारत-नेपाल सीमा पर SSB की बड़ी कार्रवाई, 114 लीटर नेपाली शराब जब्त; एक तस्कर गिरफ्तार, दूसरा फरार
खबर:
भारत-नेपाल सीमा पर सशस्त्र सीमा बल (एसएसबी) की 45वीं वाहिनी ने तस्करी के खिलाफ सघन अभियान चलाते हुए बड़ी कार्रवाई की है। वीरपुर की सीमा चौकी राजपुरा और सतना की टीमों ने संयुक्त अभियान में कुल 114 लीटर नेपाली शराब जब्त की। इस दौरान एक तस्कर को गिरफ्तार किया गया, जबकि दूसरा अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गया।
पहली घटना सोमवार रात करीब 9:15 बजे की है। सीमा चौकी राजपुरा के जवान नाका ड्यूटी पर तैनात थे, तभी एक व्यक्ति साइकिल पर संदिग्ध सामान ले जाते नजर आया। जवानों ने उसे रोककर तलाशी ली, जिसमें 66 लीटर नेपाली शराब बरामद हुई। पकड़े गए तस्कर की पहचान राजपुरा निवासी शंकर कुमार के रूप में हुई। एसएसबी ने गिरफ्तार तस्कर, जब्त शराब और साइकिल को कानूनी प्रक्रिया पूरी कर डगमरा थाना को सौंप दिया।
वहीं दूसरी कार्रवाई मंगलवार को सीमा चौकी सतना की टीम ने की। नाका जांच के दौरान 48 लीटर नेपाली शराब और एक साइकिल बरामद की गई। हालांकि इस दौरान तस्कर अंधेरे का फायदा उठाकर मौके से फरार हो गया। बरामद सामान को आगे की कार्रवाई के लिए वीरपुर थाना को सौंप दिया गया है।
इस अभियान में सहायक उप निरीक्षक अरविंद सिंह और मुख्य आरक्षी जेरेमिया हमर समेत अन्य एसएसबी जवानों की अहम भूमिका रही। एसएसबी अधिकारियों ने बताया कि भारत-नेपाल अंतरराष्ट्रीय सीमा पर तस्करी और अवैध गतिविधियों के खिलाफ लगातार सख्ती बरती जा रही है।