🔴 हेडलाइन:
बनमा लूटकांड का खुलासा: दो अभियुक्त गिरफ्तार, वारदात में इस्तेमाल दो बाइक जब्त
बनमा ईटहरी:
बनमा पुलिस ने 17 दिसंबर 2025 को हुई लूट की घटना का सफल उद्भेदन करते हुए दो अभियुक्तों को गिरफ्तार कर लिया है। इस दौरान घटना में प्रयुक्त दो बाइक भी जब्त की गई है।
जानकारी के अनुसार, बनमा-सुगमा मार्ग स्थित हसनपुर चौक के समीप बाइक सवार बदमाशों ने चाकू के बल पर एक ट्रैक्टर ड्राइवर से एक लाख रुपये और मोबाइल लूट लिया था।
दरअसल, डीपू व्यवसाय से जुड़े शांतनु कुमार उर्फ बिट्टू कुमार के ड्राइवर विजेंद्र सादा 50 बंडल छड़ पहुंचाकर सलखुआ से एक लाख रुपये लेकर लौट रहे थे। इसी दौरान पहले से घात लगाए बदमाशों ने ट्रैक्टर को घेरकर वारदात को अंजाम दिया।
मामले में शांतनु कुमार के आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज की गई थी। पुलिस ने तकनीकी एवं मानवीय सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए रसलपुर निवासी रुदल कुमार और रौशन कुमार को गिरफ्तार किया। उनकी निशानदेही पर घटना में इस्तेमाल बाइक (BR 34 W 5307 और BR 19 X 8636) बरामद की गई।
इस कार्रवाई का नेतृत्व थानाध्यक्ष खुशबू कुमारी ने किया। उन्होंने बताया कि दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है, जबकि अन्य फरार अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी जारी है।