हेडलाइन:
मधेपुरा में मारपीट के दौरान तेजाब फेंकने की घटना, नामजद महिला आरोपी गिरफ्तार
खबर:
मधेपुरा सदर थाना क्षेत्र में मारपीट के दौरान तेजाब फेंककर दो महिलाओं को जख्मी करने के मामले में पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तार आरोपी की पहचान पुरानी बाजार वार्ड नंबर-10 निवासी नीतू देवी, पति विनोद कुमार के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार, 12 मार्च को करीब 1 बजे दिन में तेजाब फेंकने की घटना सामने आई थी। इस मामले में पुरानी बाजार वार्ड नंबर-10 निवासी मो. इमतियाज (उम्र करीब 35 वर्ष), पिता मो. महफूज आलम ने पुलिस के समक्ष फर्दबयान दिया।
फर्दबयान में बताया गया है कि वर्ष 2022 में उन्होंने अपने पड़ोसी विनोद कुमार, जो संध्या ज्वेलर्स नामक दुकान चलाते हैं, को 25 हजार रुपये इस शर्त पर दिए थे कि जब उनकी बहन की शादी होगी तब उसी रेट पर जेवर उपलब्ध कराया जाएगा।
बताया गया कि बहन की शादी 21 मार्च को तय हुई है। इसी सिलसिले में 10 मार्च को उनकी मां और बहन ज्वेलर्स लेने के लिए दुकान पर गईं, जहां दुकानदार ने अगले दिन आने को कहा।
12 मार्च को जब उनकी मां और बहन दोबारा दुकान पर जेवर लेने पहुंचीं, तब वहां विनोद कुमार, उनकी पत्नी नीतू देवी और परिवार के अन्य सदस्य मौजूद थे। आरोप है कि जेवर मांगने पर दुकानदार और उसके परिजनों ने गाली-गलौज शुरू कर दी और गुस्से में आकर दुकान से तेजाब निकालकर वादी की मां और बहन पर फेंक दिया, जिससे दोनों घायल हो गईं।
इस मामले में वादी के फर्दबयान के आधार पर मधेपुरा थाना कांड संख्या 280/26 दर्ज करते हुए बीएनएस की विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।
पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए नामजद आरोपी नीतू देवी को गिरफ्तार कर लिया है। मामले में अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।