Kosi Live-कोशी लाइव अररिया में LPG की कालाबाजारी का भंडाफोड़, एक घर और दुकान से 250 सिलिंडर बरामद - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, March 13, 2026

अररिया में LPG की कालाबाजारी का भंडाफोड़, एक घर और दुकान से 250 सिलिंडर बरामद

फारबिसगंज (अररिया)। फारबिसगंज शहर के पोखर बस्ती वार्ड संख्या 15 में गुरुवार की देर शाम रसोई गैस के अवैध भंडारण की सूचना पर एसडीओ अभय कुमार के नेतृत्व में अनुमंडल प्रशासन ने छापेमारी करते हुए एक आवासीय परिसर एवं एक दुकान में भंडारण किए गए भारी मात्रा में रसोई गैस सिलिंडर को बरामद किया है।


छापेमारी पोखर बस्ती निवासी साबिर अंसारी एवं उसके पुत्र इमरान अंसारी के आवासीय परिसर एवं एक दुकान में की गई। जहां भरे हुए एवं कुछ खाली रसोई गैस की लगभग 250 सिलिंडर बरामद हुआ है।

अनुमंडल प्रशासन की छापेमारी के दौरान पोखर बस्ती में लोगों भीड़ उमड़ पड़ी। छापेमारी में एसडीओ अभय कुमार के साथ फारबिसगंज के अपर थानाध्यक्ष सत्येंद्र कुमार गुप्ता, इंस्पेक्टर महादेव कामत, सिमराहा थानाध्यक्ष प्रेम कुमार भारती, नरपतगंज की एमओ सुनीता कुमारी सहित बड़ी संख्या में पुलिस बल शामिल थे।

पुलिस को छापेमारी के दौरान आवासीय परिसर में जहां कई कमरों में रसोई गैस सिलिंडर भंडारण किया हुआ बरामद हुआ। वही आवासीय परिसर की छत पर भी भारी मात्रा में गैस सिलिंडर भंडारण किया गया था। इतनी मात्रा में रसोई गैस सिलिंडर भंडारण देख प्रशासनिक पदाधिकारी भी अचंभित हो गए।

250 से अधिक सिलिंडर बरामद

आवासीय परिसर से 150 से अधिक सिलिंडर बरामद हुआ। जिसे ट्रैक्टर पर लादकर स्थानीय थाना ले जाया गया। जब प्रशासनिक पदाधिकारी आवास के समीप स्थित दुकान में छापेमारी करने पहुंचे तो उसका शटर बंद होने के कारण थोड़ा विलंब हुआ। लेकिन जब दुकान खोला गया तो उसके अंदर भी सौ से अधिक रसोई गैस सिलिंडर बरामद हुआ।

फारबिसगंज में छापेमारी करते एसडीएम सहित अन्य पदाधिकारी।

बरामद गैस सिलिंडर भारत, एचपी और इंडेन गैस के शामिल है। पूछे जाने पर एसडीओ अभय कुमार ने कहा कि बरामद सभी सिलिंडर को जब्त कर फारबिसगंज थाना भेज दिया गया है। मामले की जांच की जा रही है तथा इस अवैध कारोबार में संलिप्त लोगों की पहचान कर उनके खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

घनी आबादी में भंडारण, एक चूक से जा सकती थी हजारों की जान

फारबिसगंज के पोखर बस्ती में रसोई गैस के अवैध भंडारण के भंडाफोड़ से जहां कालाबाजारी से लोगों को राहत मिली है। वहीं इस बात से कतई इनकार नहीं किया जा सकता है कि शहर के बीचों बीच भारी मात्रा में रसोई गैस सिलिंडर की अवैध भंडारण में एक चूक से हजारों लोगों की जान जा सकती थी।

पोखर बस्ती के सड़क के दोनों ओर दो वार्ड है, जहां घनी आबादी है और हजारों की संख्या में लोगों का आवास है। ऐसे में किसी बड़ी घटना से इंकार नहीं किया जा सकता है।

हालांकि, प्रशासन की सूझबूझ से छापेमारी के दौरान ही फायर बिग्रेड की टीम को मौके पर मुस्तैद कर दिया गया था और सफलतापूर्वक भंडारण किए गए रसोई गैस सिलिंडर को लादकर सुरक्षित रूप से थाना पहुंचा दिया गया। मामले में एसडीओ अभय कुमार ने इसे गंभीर मामला कहते हुए कड़ी कार्रवाई की बात कही है।