प्रशासन ने कर दी भारी चूक
हालांकि सरकार की ओर से कई योजनाएं चलाई जा रही हैं. इस योजनाओं में ट्राइसाइकिल भी शामिल है. जो दिव्यांगों को मुफ्त में उपलब्ध कराए जाती हैं, लेकिन उनकी बेटी को यह ट्राइसाइकिल भी मयस्सर न हो सकी. अब सोनी कुमारी की खबर जैसे ही सोशल मीडिया पर वायरल हुई वैसे ही उसकी मदद के लिए जगह-जगह से लोग सामने आने लगे. कुमार विश्वास से लेकर सोनू सूद तक और अन्य सामाजिक संगठनों और जनप्रतिनिधियों ने भी उसे मदद की पेशकश की. गोपालगंज जिला प्रशासन ने दिव्यांग सोनी कुमारी को आनन-फानन में ट्राई साइकिल भी भेंट कर दी. जिला प्रशासन की ओर से ट्राई साइकिल भेंट करने की यह तस्वीर सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर शेयर भी की गई. इस दौरान मदद के साथ तत्काल ट्राइसाइकिल उपलब्ध कराने के बाद प्रशासन ने खूब वाहवाही भी लूटी, लेकिन अब जिला प्रशासन की यही मदद उसके लिए गले की फांस बन गई है.

ऐसी ट्राइसाइकिल का क्या करेगी बच्ची?
दरअसल सोनी कुमारी का अब एक नया वीडियो और फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है,जिसमें साफ देखा जा सकता है कि जिस ट्राईसाइकिल को गोपालगंज जिला प्रशासन ने दी थी वह तीन से चार दिन में ही डैमेज हो गई यानी कि वह अब इस्तेमाल करने के लायक नहीं है.उसके टायर पुराने थे जो फटने लगे हैं.उसमें हवा भरकर चलाना संभव नहीं है.इस साइकिल का हैंडल भी टूट चुका है. जिला प्रशासन की ऐसी मदद के बाद परिवार में मायूसी का माहौल है.
इस मामले में जब सोनी कुमारी और उसकी मां गुलाईची देवी से बात की गई तो उन्होंने बताया था कि स्थानीय अधिकारी उन्हें यह ट्राईसाइकिल तीन दिन पहले भेंट करके गए थे. तब उन्हें उम्मीद जगी थी उनकी बेटी अब इस ट्राईसाइकिल से आराम से स्कूल पढ़ने जा सकती है. उसे जगह-जगह से मदद भी मिली थी, लेकिन अब यह ट्राईसाइकिल किसी काम का नहीं है.गुलाइची देवी को इस मदद से मायूसी है.