खबर:
बिहार में लागू शराबबंदी कानून के बीच गोपालगंज जिले से एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है। फुलवरिया थाना में तैनात सब-इंस्पेक्टर अवधेश प्रसाद को कथित तौर पर शराब पीते हुए वीडियो वायरल होने के बाद लाइन हाजिर कर दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, पिछले कुछ दिनों से सोशल मीडिया पर एक वीडियो तेजी से वायरल हो रहा था। इस वीडियो में एसआई अवधेश प्रसाद को उत्तर प्रदेश के देवरिया जिले के भवानी छापर इलाके में एक शराब भट्टी से अंग्रेजी शराब खरीदते हुए देखा जा रहा है। इसके बाद वीडियो में वे शराब की बोतल बाइक की डिक्की में रखकर एक कमरे में जाते हैं और वहां बैठकर शराब पीते नजर आते हैं। हालांकि, वीडियो की तिथि और स्थान की आधिकारिक पुष्टि अभी नहीं हुई है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए विनय तिवारी ने त्वरित कार्रवाई करते हुए एसआई को लाइन हाजिर कर दिया है और पूरे मामले की जांच के आदेश दिए हैं। वहीं आनंद मोहन गुप्ता ने बताया कि वीडियो सामने आने के बाद प्रारंभिक कार्रवाई की गई है और जांच के बाद आगे सख्त कदम उठाए जाएंगे।
इस घटना के सामने आने के बाद शराबबंदी कानून को लेकर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। लोग यह सवाल उठा रहे हैं कि जब कानून लागू कराने वाले ही नियमों का उल्लंघन करेंगे, तो आम जनता से इसके पालन की उम्मीद कैसे की जा सकती है।