रिश्वतखोर राजस्व कर्मचारी निलंबित, वायरल वीडियो की जांच में आरोप सही
जहानाबाद। रतनी फरीदपुर के राजस्व कर्मचारी सह प्रभारी अंचल निरीक्षक अमरेन्द्र कुमार को निलंबित कर दिया गया है। कर्मचारी पर काम के एवज में रिश्वत लेने का आरोप है। कुछ दिनों पूर्व इंटरनेट मीडिया पर एक वायरल वीडियो में देखा गया था कि कर्मचारी द्वारा राजस्व संबंधी कार्यों के लिए रिश्वत ली जा रही है।
मामले को गंभीरता से लेते हुए जिलाधिकारी अलंकृता पाण्डेय ने वीडियो की सत्यता की जांच के लिए एसडीओ को निर्देश दिया था। जांच प्रतिवेदन में वायरल वीडियो की पुष्टि हुई और कर्मचारी द्वारा रिश्वत लिए जाने के साक्ष्य प्रथम दृष्टया सही पाए गए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने भ्रष्टाचार के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई करते हुए अमरेन्द्र कुमार को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया।
जिलाधिकारी ने अंचल अधिकारी को निर्देशित किया है कि आरोपित राजस्व कर्मचारी सह प्रभारी अंचल निरीक्षक, अंचल रतनी फरीदपुर अमरेन्द्र कुमार के विरुद्ध आरोप प्रपत्र गठित कर साक्ष्य सहित प्रतिवेदन एसडीओ के माध्यम से शीघ्र उपलब्ध कराएं, ताकि आगे की अनुशासनिक कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।