Kosi Live-कोशी लाइव बिहार में 2 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, मुंह दबाने के दौरान हुई मौत; दो नाबालिगों को भेजा गया बाल सुधार गृह - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, March 2, 2026

बिहार में 2 वर्षीय बच्ची से दुष्कर्म, मुंह दबाने के दौरान हुई मौत; दो नाबालिगों को भेजा गया बाल सुधार गृह

बेलहर (बांका)। जिलेबिया मोड़ थाना क्षेत्र के एक गांव में दो वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म के बाद हत्या की घटना ने पूरे इलाके को झकझोर दिया है। मामले में संरक्षण में लिए गए गांव के ही दो नाबालिगों को पुलिस ने रविवार को बाल सुधार गृह भेज दिया।मृतका के स्वजन के लिखित आवेदन पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और स्पर्म जांच रिपोर्ट का इंतजार किया जा रहा है। रविवार को बच्ची का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

खेलने के दौरान बनाया शिकार

जानकारी के अनुसार, मृतका अपने ननिहाल आई हुई थी। शुक्रवार सुबह करीब दस बजे वह घर के समीप खेल रही थी। आरोप है कि इसी दौरान दोनों नाबालिग उसे बहला-फुसलाकर एक सुनसान घर में ले गए। वहां कमरे में बंद कर दुष्कर्म किया गया।

चीखने पर मुंह कपड़े से दबा देने से उसकी मौत हो गई। इसके बाद शव को स्कूल के पीछे ग्रामीण सड़क पर फेंक दिया गया।
इधर, बच्ची के लापता होने पर स्वजन ने बच्चा चोर गिरोह की आशंका जताते हुए पुलिस को सूचना दी।

कुछ देर बाद ग्रामीण सड़क पर शव मिलने की जानकारी मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने देखा कि कपड़े अस्त-व्यस्त थे और रक्तस्राव हो रहा था, जिससे दुष्कर्म के बाद हत्या की आशंका प्रबल हुई।

पुलिस ने की तुरंत कार्रवाई

सूचना मिलते ही एसपी उपेंद्रनाथ वर्मा घटनास्थल पर पहुंचकर डाग स्क्वायड और फारेंसिक टीम से जांच कराई गई। बेलहर एसडीपीओ रविंद्रमोहन प्रसाद के नेतृत्व में बेलहर, जिलेबिया मोड़, सुईया थाना पुलिस व कटोरिया सर्किल इंस्पेक्टर की टीम गठित कर जांच शुरू की गई।

एक नाबालिग के घर के पास से खून से सनी पैंटी बरामद हुई। संदेह के आधार पर चार लोगों को हिरासत में लिया गया था, जिनमें से दो नाबालिगों के कपड़ों पर खून के धब्बे मिले। कपड़े जब्त कर जांच के लिए भेजे गए हैं।

थानाध्यक्ष राजू कुमार ठाकुर ने बताया कि डीएनए जांच के लिए नमूना पटना भेजा गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल है।