Kosi Live-कोशी लाइव SUPAUL:960 बोतल कोडीन सिरप बरामद: मानवाधिकार संगठन के जिलाध्यक्ष की कार से नशा तस्करी, 3 गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, February 2, 2026

SUPAUL:960 बोतल कोडीन सिरप बरामद: मानवाधिकार संगठन के जिलाध्यक्ष की कार से नशा तस्करी, 3 गिरफ्तार

सुपौल जिले के किशनपुर थाना क्षेत्र अंतर्गत एनएच-27 पर पुलिस ने नशा तस्करी के खिलाफ बड़ी सफलता हासिल की है। पुलिस ने रविवार की शाम 96 लीटर कोडीनयुक्त कफ सिरप के साथ तीन कारोबारियों को गिरफ्तार किया है।


बरामद सिरप 06 पेटी में रखा गया था, जिसमें कुल 960 बोतल प्रतिबंधित कफ सिरप शामिल है। चौंकाने वाली बात यह रही कि जिस कार से यह खेप ले जाई जा रही थी, उस पर मानवाधिकार संगठन के जिलाध्यक्ष, अररिया का बोर्ड लगा हुआ था।

 
किशनपुर थानाध्यक्ष ज्ञान रंजन ने बताया कि मधुबनी से अररिया की ओर जा रही टाटा टियागो कार (नं. BR 38 AE 4053) से यह बरामदगी की गई है। इसी दौरान एक हरे रंग की टियागो कार तेज रफ्तार में ट्रकों को ओवरटेक करते हुए अनियंत्रित हो गई और सड़क किनारे पुलिया के गार्डर से टकरा गई।

दुर्घटना के बाद पुलिस ने गाड़ी में सवार तीन व्यक्तियों को बाहर निकाला, जिनमें एक व्यक्ति के सिर में चोट लगी थी। वाहन की तलाशी के दौरान अंदर भूरा रंग के कई कार्टन मिले। पूछताछ में चालक रकीब तैयब ने स्वीकार किया कि कार्टनों में कोडीनयुक्त कफ सिरप भरा हुआ है। इसके बाद मामले की सूचना अंचलाधिकारी और थानाध्यक्ष को दी गई।

 
उपचार के बाद तीनों आरोपी क्रमशः मो. रकीब, मो. जसीम और संतोष ऋषिदेव, सभी अररिया जिले के निवासी को थाना लाया गया। वाहन जांच में यह भी सामने आया कि कार पवन कुमार स्वर्णकार, जिला अध्यक्ष मानवाधिकार आयोग, अररिया के नाम पर पंजीकृत है।

पुलिस ने तीनों तस्करों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं में मामला दर्ज कर लिया है। सभी आरोपियों को न्यायिक हिरासत में सुपौल भेजने की प्रक्रिया जारी है। पुलिस पूरे नेटवर्क की जांच में जुट गई है और इस तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की भूमिका की भी पड़ताल की जा रही है।