Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:सहरसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भारी मात्रा में अवैध ड्रग्स व कफ सिरप बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, February 22, 2026

SAHARSA:सहरसा में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भारी मात्रा में अवैध ड्रग्स व कफ सिरप बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार

 में पुलिस की बड़ी कार्रवाई: भारी मात्रा में अवैध ड्रग्स व कफ सिरप बरामद, एक तस्कर गिरफ्तार 🚔💊

सहरसा। जिले में अवैध मादक पदार्थों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान बलवाहाट थाना पुलिस ने छापेमारी कर भारी मात्रा में अवैध ड्रग्स और नशीले कफ सिरप के साथ एक अभियुक्त को गिरफ्तार किया है।

पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि बलवाहाट थाना क्षेत्र के शंकरपुर काठो निवासी विरेन्द्र नारायण सिंह अवैध ड्रग्स और मादक पदार्थों के क्रय-विक्रय तथा भंडारण में संलिप्त है। सूचना की गंभीरता को देखते हुए वरीय अधिकारियों के निर्देश पर पुलिस पदाधिकारियों और ड्रग निरीक्षक की संयुक्त टीम गठित कर छापेमारी की गई।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने संदिग्ध स्थल की घेराबंदी कर विधिवत तलाशी ली। तलाशी के क्रम में अभियुक्त के पास से नशीली टैबलेट और प्रतिबंधित कफ सिरप बरामद किया गया। प्रारंभिक जांच में बरामद टैबलेट में नारकोटिक्स एवं साइकोट्रोपिक पदार्थ मिश्रित पाए गए। जब अभियुक्त से वैध लाइसेंस या दस्तावेज मांगे गए तो वह कोई कागजात प्रस्तुत नहीं कर सका, जिसके बाद पुलिस ने सभी मादक पदार्थों को जब्त कर लिया।

पूछताछ के आधार पर पुलिस ने अभियुक्त के आवास पर भी छापेमारी की, जहां कमरों में बड़ी मात्रा में अवैध ड्रग्स और नशीले कफ सिरप का भंडारण पाया गया। प्रथम दृष्टया मामला एनडीपीएस एक्ट के उल्लंघन का पाया गया, जिसके तहत अभियुक्त को गिरफ्तार कर लिया गया।

बरामद सामान 💊

  • 2,386 पीस अवैध नशीली टैबलेट
  • Wiscof DX कफ सिरप – 268 बोतल (कुल 26.8 लीटर)
  • Escuf DX कफ सिरप – 300 बोतल (कुल 30 लीटर)

इस संबंध में बलवाहाट थाना कांड संख्या 38/26, दिनांक 21 फरवरी 2026 दर्ज कर एनडीपीएस एक्ट की सुसंगत धाराओं के तहत कार्रवाई की जा रही है।

पुलिस मामले के फॉरवर्ड और बैकवर्ड लिंक की जांच कर रही है। साथ ही अवैध मादक पदार्थ तस्करी से जुड़े अन्य लोगों की पहचान कर गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी की जा रही है। वित्तीय लेन-देन और डिजिटल साक्ष्यों की भी जांच की जा रही है।

छापेमारी दल में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी सिमरी बख्तियारपुर, औषधि निरीक्षक सहरसा, बलवाहाट थानाध्यक्ष राज कुमार, पुलिस अवर निरीक्षक संदीप कुमार राम तथा सशस्त्र बल के जवान शामिल थे। 🚨