Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:नाबालिग से दुष्कर्म, गर्भपात कराने की कोशिश; आरोपी गिरफ्तार - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, February 17, 2026

SAHARSA:नाबालिग से दुष्कर्म, गर्भपात कराने की कोशिश; आरोपी गिरफ्तार

सत्तरकटैया (सहरसा) में नाबालिग से दुष्कर्म, गर्भपात कराने की कोशिश; आरोपी गिरफ्तार

सत्तरकटैया (सहरसा)। बिहरा थाना क्षेत्र के औकाही पंचायत में नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म और गर्भपात कराने के प्रयास का मामला सामने आया है। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी युवक को गिरफ्तार कर न्यायालय में प्रस्तुत कर दिया है।

परिजनों के अनुसार, दुम्मा गांव निवासी एक युवक का नाबालिग से परिचय था। आरोप है कि उसने दोस्ती का गलत फायदा उठाते हुए बहला-फुसलाकर दुष्कर्म किया, जिससे पीड़िता गर्भवती हो गई। गर्भ की जानकारी मिलने के बाद युवक ने कथित तौर पर उसे गर्भपात की दवा दी। दवा लेने के बाद लड़की की तबीयत अचानक बिगड़ गई और अत्यधिक रक्तस्राव होने लगा। हालत गंभीर होने पर वह बेहोश हो गई।

परिजनों ने आनन-फानन में उसे अस्पताल में भर्ती कराया, जहां चिकित्सकीय जांच में गर्भावस्था की पुष्टि हुई। फिलहाल पीड़िता का इलाज जारी है और चिकित्सकीय निगरानी में उसकी स्थिति पर नजर रखी जा रही है।

पीड़िता की मां ने बिहरा थाना में लिखित आवेदन देकर आरोपी के खिलाफ दुष्कर्म और गर्भपात कराने के प्रयास का आरोप लगाया। थानाध्यक्ष शशि कुमार राणा ने बताया कि मामले में पॉक्सो एक्ट सहित अन्य संबंधित धाराओं के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी अमरजीत कुमार को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पूछताछ के दौरान आरोपी ने खुद को निर्दोष बताते हुए कहा कि लड़की उसकी दोस्त है और उस पर झूठा आरोप लगाया गया है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मामले की गंभीरता को देखते हुए सभी पहलुओं की गहन जांच की जा रही है और आगे की कार्रवाई विधि अनुसार की जाएगी।

घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बनी हुई है। पुलिस एहतियातन निगरानी बनाए हुए है।