सुपौल में प्रशासनिक सख्ती का दौर जारी है। जिलाधिकारी सावन कुमार के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने बड़ी कार्रवाई करते हुए स्वास्थ्य उपकेंद्र-सह-हेल्थ एंड वेलनेस सेंटर, सुखपुर की एएनएम भवानी कुमारी को निलंबित कर दिया है। यह कार्रवाई उनके द्वारा बिना सूचना के कर्तव्य से अनुपस्थित पाए जाने के मामले में की गई है।
वहीं, डीएम सावन कुमार के द्वारा लगातार एक्शन को लेकर जिले में विभिन्न विभागों में भी हड़कंप मच गया है।
निरीक्षण के दौरान ड्यूटी से अनुपस्थित पाई गईं
डीएम के निर्देश पर कार्यालय असैनिक शल्य चिकित्सक-सह-मुख्य चिकित्सा पदाधिकारी, सुपौल द्वारा जारी आदेश के अनुसार 07 फरवरी 2026 को जिलाधिकारी द्वारा सुखपुर स्थित स्वास्थ्य उपकेंद्र का औचक निरीक्षण किया गया था। निरीक्षण के दौरान एएनएम भवानी कुमारी ड्यूटी से अनुपस्थित पाई गईं।
मामले को गंभीर मानते हुए उनसे स्पष्टीकरण मांगा गया था। उनके द्वारा दिए गए जवाब पर प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र, सदर प्रखंड, सुपौल ने मंतव्य देते हुए इसे कार्य के प्रति लापरवाही और मनमानेपन का प्रतीक बताया तथा अनुशासनात्मक कार्रवाई की अनुशंसा की।
अगले आदेश तक निलंबित किया गया
आदेश में कहा गया है कि भवानी कुमारी का यह कृत्य बिहार सरकारी सेवक आचार नियमावली 1976 के नियम 3 (1) (i) एवं (ii) के अनुरूप नहीं है। इस आधार पर बिहार सरकारी सेवक (वर्गीकरण, नियंत्रण एवं अपील) नियमावली 2005 के नियम-9 (1) (क) के तहत उन्हें अगले आदेश तक निलंबित किया गया है। निलंबन अवधि में उनका मुख्यालय सदर अस्पताल, सुपौल निर्धारित किया गया है।
साथ ही निर्देश दिया गया है कि निलंबन अवधि के दौरान उन्हें नियम-10 के तहत जीवन निर्वाह भत्ता अनुपस्थिति विवरणी के आधार पर देय होगा। विभागीय कार्यवाही संचालन से संबंधित अलग आदेश बाद में जारी किया जाएगा। इस संबंध में आवश्यक सूचना संबंधित पदाधिकारियों को प्रेषित कर दी गई है। प्रशासन की इस कार्रवाई से स्वास्थ्य विभाग में हड़कंप मचा हुआ है।