Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:कुत्ते को बचाने में अनियंत्रित होकर पलटी कार, एयरबैग खुलने से टली बड़ी घटना - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, February 27, 2026

SAHARSA:कुत्ते को बचाने में अनियंत्रित होकर पलटी कार, एयरबैग खुलने से टली बड़ी घटना

सिमरीबख्तियारपुर (सहरसा)। बख्तियारपुर थाना क्षेत्र के सिमरीबख्तियारपुर–सलखुआ एसएच 95 सड़क मार्ग पर शुक्रवार की सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब गायत्री शिक्षा निकेतन स्कूल के समीप एक कार अनियंत्रित होकर पलट गई। कार सिमरीबख्तियारपुर की ओर से सलखुआ की तरफ जा रही थी।

बताया जा रहा है कि चालक ने अचानक सामने आए कुत्ते को बचाने का प्रयास किया, जिससे वाहन का संतुलन बिगड़ गया और कार सड़क किनारे पलट गई।

घटना के बाद आसपास के लोगों की भीड़ जुट गई। स्थानीय लोगों ने तत्परता दिखाते हुए कार में फंसे सभी सवारों को सुरक्षित बाहर निकाला। हादसे में कार सवार लोगों को हल्की चोटें आई हैं, लेकिन कोई गंभीर रूप से घायल नहीं हुआ।


प्राप्त जानकारी के अनुसार, बलवाहाट थाना क्षेत्र निवासी दीपक कुमार शुक्रवार सुबह अपनी पत्नी और बच्चे के साथ सिमरीबख्तियारपुर होते हुए मुंगेर जिले के छर्रा पट्टी स्थित गंगा स्नान के लिए जा रहे थे।

जैसे ही उनकी कार सिमरीबख्तियारपुर स्थित डाक बंगला चौक से आगे बढ़ी, अचानक एक कुत्ता वाहन के सामने आ गया। कुत्ते को बचाने के प्रयास में चालक का संतुलन बिगड़ गया और कार बालू के ढेर पर चढ़ते हुए पलट गई।

एयरबैग ने बचाई जान

प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार कार की स्थिति देखकर अंदाजा लगाया जा सकता है कि हादसा काफी भीषण था। हालांकि जैसे ही कार पलटी, उसका एयरबैग खुल गया, जिससे बड़ा हादसा टल गया। एयरबैग खुलने के कारण कार में सवार सभी बाल बाल बच गए।


स्थानीय लोगों का कहना है कि यदि एयरबैग नहीं खुलता तो हादसा जानलेवा साबित हो सकता था। घटना की सूचना पर पुलिस भी मौके पर पहुंची और आवश्यक जानकारी जुटाई। इस घटना के बाद क्षेत्र में कुछ देर तक आवागमन प्रभावित रहा, जिसे बाद में सामान्य कर दिया गया।