पूर्णियां:अमौर में बड़ी कार्रवाई: पॉक्सो एक्ट के पुराने मामले में तीन साल से फरार आरोपी गिरफ्तार
अमौर। अमौर थानाक्षेत्र में पुलिस को बड़ी सफलता हाथ लगी है। पॉक्सो एक्ट के एक पुराने मामले में पिछले तीन वर्षों से फरार चल रहे आरोपी शेखर ऋषि को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के बाद आवश्यक कागजी कार्रवाई पूरी कर आरोपी को न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
इस संबंध में जानकारी देते हुए अमौर थानाध्यक्ष अवधेश कुमार ने बताया कि आरोपी शेखर ऋषि वर्ष 2022 से पॉक्सो एक्ट के तहत दर्ज एक मामले में फरार चल रहा था। उस पर एक नाबालिग के साथ यौन उत्पीड़न का गंभीर आरोप है, जिसको लेकर उसके खिलाफ अमौर थाना में प्राथमिकी दर्ज की गई थी।
थानाध्यक्ष ने बताया कि इस मामले के अनुसंधानकर्ता एवं अपर थानाध्यक्ष अनंत राम लगातार आरोपी की तलाश में जुटे हुए थे। इसी क्रम में पुलिस को गुप्त सूचना मिली कि फरार आरोपी शेखर ऋषि अपने गांव मच्छट्टा के आसपास देखा गया है। सूचना की पुष्टि होते ही अपर थानाध्यक्ष अनंत राम के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई करते हुए मच्छट्टा गांव से आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
पुलिस ने बताया कि आरोपी की गिरफ्तारी के बाद आगे की विधिसम्मत प्रक्रिया पूरी करते हुए उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि फरार अपराधियों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा और किसी भी सूरत में कानून से बचने नहीं दिया जाएगा।