मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर संदिग्ध हालात में महिला का शव मिला, दो मासूम बेटियों के साथ छोड़कर फरार हुआ पति
मधेपुरा: बिहार के मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह उस समय सनसनी फैल गई जब प्लेटफॉर्म संख्या दो पर 25 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध अवस्था में पड़ा मिला। मृतका के पास उसकी दो मासूम बच्चियां बिलख रही थीं। इस हृदयविदारक दृश्य को देखकर स्टेशन पर मौजूद यात्रियों की आंखें नम हो गईं और देखते ही देखते वहां लोगों की भीड़ जमा हो गई।
मृतका की पहचान जीतापुर निवासी मो. मुर्शीद की पत्नी काजल (25) के रूप में हुई है। सूचना मिलते ही सहरसा से जीआरपी इंस्पेक्टर दिलीप कुमार और आरपीएफ की टीम मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी।
मासूम बेटी ने बताई रात की घटना
मृतका की तीन वर्षीय बेटी शहनाज ने रोते हुए बताया कि रात में उसकी मां ने घर में फांसी लगा ली थी। सुबह होने पर उसके पिता मो. मुर्शीद मां के शव और दोनों बच्चियों को ऑटो से लेकर मधेपुरा रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां पिता ने दोनों बच्चियों को प्लेटफॉर्म पर लगी कुर्सी पर बैठाया और मां के शव को उनकी गोद में लिटा दिया।
इसके बाद वह दोनों बच्चियों को वहीं छोड़कर फरार हो गया। काफी देर तक दोनों बच्चियां अपनी मृत मां को जिंदा समझकर वहीं बैठी रहीं। बाद में यात्रियों की नजर पड़ने पर घटना की जानकारी पुलिस को दी गई।
गले पर मिले संदिग्ध निशान
पुलिस द्वारा शव का निरीक्षण करने पर महिला के गले पर काले निशान पाए गए, जो फांसी लगाने या गला घोंटने की आशंका जता रहे हैं। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है।
पति-पत्नी में चल रहा था विवाद
मृतका के एक रिश्तेदार ने बताया कि काजल और उसके पति के बीच पिछले करीब एक महीने से विवाद चल रहा था। मृतका गर्भवती भी बताई जा रही है, जिससे मामले की गंभीरता और बढ़ गई है।
हैरानी की बात यह रही कि जीतापुर गांव स्टेशन से करीब 14 किलोमीटर दूर होने के बावजूद दोपहर करीब डेढ़ बजे तक मृतका का कोई परिजन घटनास्थल पर नहीं पहुंचा था।
पुलिस फरार पति की तलाश में जुटी है और मामले को संदिग्ध मानते हुए हर पहलू से जांच कर रही है। प्रारंभिक जांच में आत्महत्या और हत्या दोनों बिंदुओं पर पुलिस जांच कर रही है।