Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA: नरबलि की कोशिश नाकाम, तांत्रिक गिरफ्तार; तीन नाबालिगों को मंदिर ले जाकर कर रहा था तंत्र-मंत्र - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Monday, February 9, 2026

MADHEPURA: नरबलि की कोशिश नाकाम, तांत्रिक गिरफ्तार; तीन नाबालिगों को मंदिर ले जाकर कर रहा था तंत्र-मंत्र

हेडलाइन:
मधेपुरा में नरबलि की कोशिश नाकाम, तांत्रिक गिरफ्तार; तीन नाबालिगों को मंदिर ले जाकर कर रहा था तंत्र-मंत्र

खबर:


मधेपुरा जिले में नरबलि के प्रयास का सनसनीखेज मामला सामने आया है। मुरलीगंज थाना क्षेत्र में रविवार रात एक तांत्रिक को ग्रामीणों ने रंगे हाथ पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। आरोपी के पास से एक धारदार तलवार भी बरामद की गई है।

गिरफ्तार तांत्रिक की पहचान बेगूसराय जिले के तेघरा थाना क्षेत्र स्थित पुरानी बाजार भागीरथी रोड, वार्ड नंबर तीन निवासी कन्हैया कुमार के रूप में हुई है। आरोपी को मुरलीगंज थाना लाया गया है, जहां उससे पूछताछ की जा रही है। पुलिस उसके खिलाफ मामला दर्ज करने की प्रक्रिया में जुटी है।

जानकारी के अनुसार, रविवार शाम आरोपी मुरलीगंज नगर पंचायत के वार्ड दो से 8, 13 और 16 साल के तीन नाबालिग लड़कों को बहला-फुसलाकर कुमारखंड थाना क्षेत्र स्थित चंडीस्थान मंदिर ले गया। रात के समय मंदिर के अंदर तीनों बच्चों को बैठाकर पूजा-पाठ और तंत्र-मंत्र किया जा रहा था।

इसी दौरान एक बच्चे के परिजन वहां पहुंच गए। हंगामा होने पर आसपास के ग्रामीण भी मौके पर जमा हो गए और तांत्रिक को पकड़ लिया। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।

परिजनों का आरोप है कि आरोपी पिछले तीन दिनों से इलाके में घूम रहा था और बच्चों को चॉकलेट व कुरकुरे देकर बहलाता था। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि पूरे मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जांच पूरी होने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।