मधेपुरा:संदिग्ध हालत में महिला का शव मिला, पास बैठ रोती रहीं दो मासूम बेटियां
मधेपुरा रेलवे स्टेशन पर मंगलवार सुबह एक 25 वर्षीय महिला का शव संदिग्ध अवस्था में मिलने से स्टेशन परिसर में अफरा-तफरी मच गई। प्लेटफॉर्म नंबर दो पर महिला सोई हुई अवस्था में पड़ी मिली, जबकि उसकी दोनों छोटी बेटियां शव के पास बैठकर रो रही थीं। दोनों बच्चियों की उम्र 5 वर्ष से कम बताई जा रही है।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, महिला को काफी देर तक अचेत अवस्था में पड़ा देखकर लोगों ने पास जाकर देखा तो उसकी मौत हो चुकी थी। बच्चियों से पूछताछ में पता चला कि उनकी मां का नाम काजल (25) और पिता का नाम मो. मुर्शीद है तथा वे जीतापुर की रहने वाली हैं। बच्चियों ने बताया कि वे रात में अपनी मां के साथ ऑटो से मधेपुरा आई थीं, लेकिन कहां जा रही थीं इसकी जानकारी नहीं दे सकीं।
सूचना मिलने पर महिला की दूर की रिश्तेदार शकीला खातून मौके पर पहुंचीं। उन्होंने बताया कि करीब एक महीने पहले काजल का अपने पति से विवाद हुआ था, जिसके बाद पति काम के सिलसिले में बाहर चला गया था। उन्होंने यह भी बताया कि महिला दो बच्चों की मां थी और गर्भवती भी थी।
घटना की सूचना पर जीआरपी पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी है। पुलिस के अनुसार परिजनों को सूचना दे दी गई है और मौत के कारणों की हर पहलू से जांच की जा रही है।