मुजफ्फरपुर। Revenue Department Scam: राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार समाप्त करने के लिए सरकार और राज्य स्तर के अधिकारी लगातार प्रयास कर रहे हैं, लेकिन जमीनी स्तर पर हालात अब भी चिंताजनक बने हुए हैं।
ताजा मामला डीसीएलआर पश्चिमी कार्यालय से सामने आया है, जहां एक कार्यपालक सहायक द्वारा रुपये लेते हुए वीडियो इंटरनेट मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है।
वायरल वीडियो में डीसीएलआर पश्चिमी कार्यालय के कार्यपालक सहायक राकेश कुमार को वाद संख्या और नोटिस से संबंधित जानकारी देने के बदले रुपये लेते हुए देखा जा सकता है। वीडियो में वह यह कहते हुए सुनाई दे रहा है कि "डेढ़ से दो हजार फाइल है, कहां-कहां खोजें।" इसी दौरान एक व्यक्ति हाथ में मोड़ा हुआ नोट उसे देता है, जिसे वह अपनी पेंट की जेब में रख लेता है।
हालांकि, दैनिक जागरण इस वीडियो की स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं करता है, लेकिन इसके वायरल होने के बाद विभागीय कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं।
मामले को लेकर डीसीएलआर पश्चिमी से संपर्क करने का प्रयास किया गया, लेकिन उन्होंने फोन नहीं उठाया। वहीं, एसडीओ पश्चिमी आकांक्षा आनंद ने बताया कि मामला उनके संज्ञान में आया है और इसकी जांच कराई जा रही है। जांच रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इस घटना ने एक बार फिर सरकारी कार्यालयों में व्याप्त भ्रष्टाचार और पारदर्शिता की कमी को उजागर कर दिया है। आम लोगों को अपने काम के लिए अब भी अवैध भुगतान करने को मजबूर होना पड़ रहा है, जो प्रशासनिक व्यवस्था पर गंभीर प्रश्नचिह्न लगाता है।