पुलिस कस्टडी में खड़ी इस बाइक पर लदी कुर्सियों को देखने पर पहली नजर में ऐसा लगेगा कि कोई दुकानदार बिक्री के लिए कुर्सियां लेकर जा रहा है. जैसे ही उत्पाद टीम ने कुर्सियों को नीचे उतरवाया, शराब तस्करी का बड़ा राज खुल गया.
मामला गोपालगंज के कुचायकोट थाना क्षेत्र के कुर्म टोला जलालपुर रोड का है. वाहन जांच के दौरान उत्पाद विभाग की टीम ने बाइक सवार एक युवक को रोका. तलाशी लेने पर कुर्सियों के बीच छिपाकर रखी गई 27 लीटर देसी शराब बरामद हुई. गिरफ्तार तस्कर की पहचान उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले के तरेया सुजान थाना क्षेत्र के दनियारी गांव निवासी 22 वर्षीय रितेश कुमार के रूप में हुई है. पुलिस ने बाइक समेत शराब को जब्त कर लिया है.
शराब तस्करों की एक दूसरी तस्वीर भी है. एक तरफ तस्कर पशुओं के चारे में शराब छिपाकर बिहार में खपाने की तैयारी में था. पुलिस ने जब चारे की बोरी की तलाशी ली तो अंदर से शराब की बोतलें बरामद हुई. इतना ही नहीं, एक अन्य बाइक में सीट के नीचे भी शराब की बोतलें छिपाकर तस्करी की जा रही थी. पुलिस की सतर्कता के आगे तस्करों के मंसूबे नाकाम हो गए. मौके से शराब जब्त कर संबंधित तस्करों के खिलाफ कार्रवाई शुरू कर दी गई.
गोपालगंज के एसपी विनय तिवारी और मद्य निषेध अधीक्षक अमृतेश कुमार ने साफ कर दिया है कि जिले में शराब तस्करों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा. यूपी-बिहार सीमा पर सघन जांच अभियान चलाया जा रहा है. इसके साथ ही गंडक नदी के दियारा और दुर्गम इलाकों में भी लगातार छापेमारी की जा रही है. होली को देखते हुए पुलिस और उत्पाद विभाग पूरी तरह अलर्ट मोड में है.