निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने 30 जनवरी को लॉकर की तलाशी ली थी। सोमवार को इसका खुलासा किया है। बरामद आभूषण में लगभग 57.66 लाख रुपये मूल्य का 447 ग्राम सोना, लगभग 44.15 लाख रुपये मूल्य का 11.50 ग्राम हीरा और लगभग 4.78 लाख रुपये मूल्य के 2.36 किलोग्राम चांदी शामिल हैं।
निगरानी अन्वेषण ब्यूरो ने सोमवार को बताया कि मुख्यालय टीम ने तीन जनवरी को सुधीर कुमार को 19 हजार रुपये रिश्वत लेते हुए रंगे हाथ गिरफ्तार किया था। उनकी गिरफ्तारी निगरानी थाना कांड संख्या 03/26 के तहत की गयी थी। घूस लेते गिरफ्तार किए जाने के बाद तत्कालीन जिला कृषि पदाधिकारी के पटना स्थित आवास की भी तलाशी ली गई। वहां से 14 लाख रुपये नकद, निवेश से जुड़े कई दस्तावेज और बैंक पासबुक आदि बरामद किये गये थे।
रिमांड पर लेकर लॉकर का सत्यापन हुआ
तलाशी के दौरान ही पता चला कि इंडियन बैंक की खाजपुरा शाखा (बिहार वेटनरी कॉलेज, पटना-14 परिसर) में अभियुक्त और उनकी पत्नी के नाम से एक लॉकर संचालित है। इसके बाद अनुसंधान के क्रम में लॉकर का सत्यापन कराया गया। न्यायालय से अनुमति प्राप्त कर अभियुक्त को रिमांड पर लिया गया और पुलिस उपाधीक्षक मिथिलेश कुमार के नेतृत्व में विशेष तलाशी दल का गठन किया गया।