Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:बिहार की 'थप्पड़बाज' महिला दरोगा लाइन हाजिर, युवक को पीटने का वीडियो हुआ था वायरल - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Sunday, February 1, 2026

BIHAR:बिहार की 'थप्पड़बाज' महिला दरोगा लाइन हाजिर, युवक को पीटने का वीडियो हुआ था वायरल

बिहार के बिहटा थाना क्षेत्र में रास्ते के विवाद को सुलझाने पहुंची पुलिस उस समय खुद विवादों में घिर गई, जब मौके पर मौजूद महिला दरोगा ने एक युवक को थप्पड़ मार दिया. पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसके बाद पुलिस विभाग की कार्यशैली पर सवाल उठने लगे हैं.इसके बाद बिहार पुलिस ने महिला दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है.

जानकारी के अनुसार रास्ते को लेकर दो पक्षों के बीच विवाद की सूचना पर बिहटा थाना की पुलिस टीम मौके पर पहुंची थी. आरोप है कि विवाद को शांत कराने के बजाय महिला दरोगा श्वेता कुमारी बहस कर रहे एक युवक पर अपना आपा खो बैठीं और उसे थप्पड़ जड़ दिया. वायरल वीडियो में महिला दरोगा युवक को धमकाते हुए यह कहते हुए भी सुनी जा रही हैं कि, उठा कर ले जाएंगे, भाषण देना बंद करो.

वीडियो में यह भी देखा जा सकता है कि मौके पर तैनात एक होमगार्ड जवान खैनी बनाते हुए नजर आ रहा है, जिसको लेकर भी पुलिस की कार्यशैली पर सवाल खड़े हो रहे हैं. घटना के सामने आने के बाद पुलिस की संवेदनशीलता और पेशेवर आचरण पर गंभीर बहस छिड़ गई है.

वीडियो का सिर्फ आधा हिस्सा ही वायरल किया जा रहा है, लेकिन किसी भी परिस्थिति में थप्पड़ मारना उचित नहीं है. वहीं, वीडियो वायरल होने के बाद सिटी एसपी पश्चिम भानु प्रताप सिंह ने अनुशासनहीनता के आरोप में महिला दरोगा को लाइन हाजिर कर दिया है.