सुपौल के प्रतापगंज थाना क्षेत्र से एक सनसनीखेज मामला सामने आया है, जहां एक निजी शिक्षक पर 10 वर्षीय छात्रा के साथ दुष्कर्म करने का गंभीर आरोप लगा है। पीड़िता की मां की शिकायत पर प्रतापगंज थाना में मामला दर्ज कर पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।
पीड़िता बोली- आधे घंटे बाद कमरे से बाहर निकाला
मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता सुरजापुर पंचायत के वार्ड संख्या 7 निवासी 30 वर्षीय अकरम आलम के घर ट्यूशन पढ़ने जाया करती थी। आरोप है कि 24 जनवरी की शाम ट्यूशन के दौरान अकरम आलम ने बच्ची को झाडू लगाने के बहाने एक कमरे में भेजा और फिर जबरन कमरे में बंद कर उसके साथ दुष्कर्म किया।
बच्ची के विरोध करने पर आरोपी ने उसके मुंह में कपड़ा ठूंस दिया, ताकि वह चिल्ला न सके।
पीड़िता के अनुसार, करीब आधे घंटे बाद आरोपी ने उसे कमरे से बाहर निकाला और धमकी दी कि अगर उसने किसी को इस बारे में बताया तो उसे बुरी तरह पीटा जाएगा। डर के कारण बच्ची ने शुरुआत में किसी को कुछ नहीं बताया।
पेट दर्द की शिकायत पर खुला मामला, डॉक्टर का दिखाया
घटना का खुलासा 26 जनवरी को उस समय हुआ, जब गणतंत्र दिवस के अवसर पर बच्ची को स्कूल जाने के लिए कहा गया। इस दौरान उसने पेट दर्द की शिकायत की। परिजनों द्वारा पूछने पर भी उसने पहले कुछ नहीं बताया।
इसके बाद बच्ची को एक महिला डॉक्टर के पास ले जाया गया, जहां जांच के बाद पेट में संक्रमण की बात कही गई। मां को संदेह होने पर जब बच्ची से सख्ती से पूछताछ की गई, तब उसने पूरी घटना बताई।
6-7 दिन बाद शनिवार को पीड़िता की मां ने थाने में दिया आवेदन
घटना की जानकारी मिलने के बाद परिजनों और समाज के कुछ प्रबुद्ध लोगों ने पंचायत के माध्यम से मामले को निपटाने का प्रयास किया, लेकिन जब पंचायत स्तर पर कोई समाधान नहीं निकल सका, तब घटना के 6-7 दिन बाद शनिवार की शाम पीड़िता की मां ने प्रतापगंज थाना में आवेदन दिया।
थानाध्यक्ष बोले- एफआईआर दर्ज कर जांच की जा रही इस संबंध में प्रतापगंज थानाध्यक्ष धर्मेंद्र कुमार ने रविवार शाम बताया कि पीड़िता की मां के आवेदन के आधार पर प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है। मामले की गंभीरता को देखते हुए आगे की कानूनी कार्रवाई की जा रही है और आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास तेज कर दिए गए हैं।