Kosi Live-कोशी लाइव BIHAR:सुंदर महिलाओं की फोटो भेजकर ठगते थे साइबर क्रिमिनल, Whatsapp से होता था पूरा खेल, 5 अरेस्ट - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, February 13, 2026

BIHAR:सुंदर महिलाओं की फोटो भेजकर ठगते थे साइबर क्रिमिनल, Whatsapp से होता था पूरा खेल, 5 अरेस्ट


Cyber Crime, सुनील राज: नालंदा में पुलिस ने साइबर ठगी करने वाले एक गिरोह का पर्दाफाश किया है. यह गिरोह भोले-भाले युवकों को व्हाट्सएप पर सुंदर महिला की फोटो भेजकर उन्हें अपने जाल में फंसाता था. आरोपियों द्वारा युवकों को साथ रहने और गर्भवती करने जैसी बातों का लालच देकर मोटी रकम ऐंठी जाती थी. गुरुवार को पुलिस ने कार्रवाई करते हुए पांच साइबर ठगों को रंगे हाथ गिरफ्तार किया. इनमें एक नाबालिग भी शामिल है.

क्या बोले थानाध्यक्ष

थानाध्यक्ष धर्मेन्द्र कुशवाहा ने बताया कि पुलिस को गुप्त सूचना मिली थी कि सुंदरपुर और बरीठ गांव के बीच खेत-खलिहान में कुछ लोग बैठकर साइबर ठगी कर रहे हैं. सूचना मिलते ही पुलिस अधीक्षक (SP) ने स्पेशल टीम बनाया. टीम ने बताए गए स्थान पर छापेमारी की और सभी आरोपियों को ठगी के उपकरणों के साथ पकड़ लिया.

कौन-कौन हुआ गिरफ्तार

गिरफ्तार आरोपियों में मैरा गांव के प्रभात कुमार, सकुचीडीह गांव के नितीश कुमार, गोवर्धन विगहा गांव के प्रीतम कुमार और नवादा जिले के वारिसलीगंज थाना के मुडलाचक गांव के अनिल कुमार शामिल हैं. इनके पास से ठगी में इस्तेमाल किए जा रहे सात मोबाइल फोन, कई सिम कार्ड और अन्य डिजिटल सामग्री बरामद की गई है.

पुलिस ने की लोगों से अपील

पुलिस के अनुसार यह गिरोह सोशल मीडिया के जरिए युवकों को झांसा देकर उनसे पैसे की मांग करता था. पहले विश्वास जीतते थे, फिर इमोशनल दबाव बनाकर पैसा ऐंठ लेते थे. फिलहाल पुलिस सभी आरोपियों से पूछताछ कर रही है और यह पता लगाने की कोशिश कर रही है कि इस गिरोह ने अब तक कितने लोगों को ठगा है. पुलिस ने लोगों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर अनजान लोगों से सावधान रहें और किसी भी तरह का लालच या संदिग्ध मैसेज मिलने पर तुरंत पुलिस को सूचना दें.