भागलपुर में मंगलवार शाम दर्दनाक सड़क हादसा हुआ. चार गाड़ियों की टक्कर में 6 की मौत हो गई. चार लोगों की मौके पर ही दम तोड़ दिया. वहीं दो लोगों की मौत अस्पताल जाने के क्रम में हुई. हादसे में घायल 15 लोगों को इलाज के लिए बिहपुर सीएचसी पहुंचाया गया. जहां से 12 लोगों की स्थिति गंभीर देखते हुए बेहतर इलाज के लिए भागलपुर रेफर किया गया. जिसमें से 2 की मौत हो गई है. 10 की स्थिति गंभीर बनी हुई है.
तेज रफ्तार ट्रक बना काल
प्रारंभिक जानकारी के मुताबिक, तेज रफ्तार ट्रक ने पहले एक पिकअप वाहन को टक्कर मारी. टक्कर इतनी जोरदार थी कि पिकअप अनियंत्रित हो गया. इसके बाद वह सामने से आ रही ई-रिक्शा से जा भिड़ा. ई-रिक्शा में सवार चारों लोगों की मौके पर ही मौत हो गई. किसी को संभलने का मौका नहीं मिला.
बस भी आई चपेट में
हादसे की चपेट में एक बस भी आ गई. बस बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई है. हालांकि बस में सवार यात्रियों को गंभीर चोट की सूचना नहीं है. प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, टक्कर के बाद सड़क पर अफरा-तफरी मच गई. आसपास के लोग मदद के लिए दौड़े.
बगड़ी पुल के पास हुआ हादसा
यह हादसा खरिक थाना क्षेत्र के बगड़ी पुल के पास हुआ. थानाध्यक्ष नरेश कुमार ने बताया कि झंडापुर इलाके में दुर्घटना हुई है. पुलिस तुरंत मौके पर पहुंची. घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है. उनकी हालत गंभीर बताई जा रही है.
जांच में जुटी पुलिस
पुलिस ने चार लोगों की मौत की पुष्टि की है. दुर्घटना की वजह तेज रफ्तार मानी जा रही है. ट्रक चालक की तलाश की जा रही है.