सिंहवाड़ा (दरभंगा)। सिमरी थाना की पुलिस ने एनएच 27 फोरलेन के शास्त्री चौक के समीप से चाय पत्ती लदी कंटेनर के तहखाने से 203 कार्टन में 1827 लीटर विदेशी शराब शनिवार की रात बरामद की है।2223 कार्टन ब्रांडेड चाय पत्ती, दो एंड्रॉइड मोबाइल को जब्त कर ट्रक चालक एवं खलासी को गिरफ्तार कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया है। चालक मुजफ्फरपुर जिले के मीनापुर थाना के मोहनपुर निवासी कपिलेश्वर राय का पुत्र त्रिभुवन राय (42) एवं खलासी कटरा थाना के बरैठा निवासी कपिलदेव प्रसाद सिंह का पुत्र निरंजन प्रसाद (40) है।
दोनों को पहले लहेरियासराय थाना की पुलिस ने काली मिर्च की तस्करी में गिरफ्तार कर जेल भेजा था। शराब मुजफ्फरपुर के अहियापुर निवासी प्रमोद राय को आपूर्ति करनी थी। सिमरी थाना पुलिस ने पटना मद्य निषेध एवं राज्य स्वापक ब्यूरो की सूचना पर यह कार्रवाई की।
सदर एसडीपीओ टू शुभेंद्र कुमार सुमन ने रविवार को सिमरी थाने पर बताया कि असम के तेजपुर से कंटेनर पर लदी चाय पत्ती में छिपाकर भारी मात्रा में शराब आने की सूचना थानाध्यक्ष अरविंद कुमार को मिली।
सब इंस्पेक्टर शशिशंकर कुमार शनिवार की रात 8:15 बजे बिठौली में वाहन चेकिंग कर रहे थे। उनको बताया गया कि सिमरी लालजी ढाबा के पास कंटेनर बीआर01जीपी 5264 खड़ी है। उसमें विदेशी शराब होने की आशंका है। सूचना के सत्यापन एवं कार्रवाई को लेकर पुलिस बिठौली से प्रस्थान की।
लालजी ढाबा के पास खड़ी कंटेनर पर लदे सामान के बारे में चालक एवं खलासी से पूछताछ करने पर संतोषजनक जवाब नहीं मिला। वीडियोग्राफी के साथ तलाशी ली गई।
चाय पत्ती के कार्टन के नीचे बने तहखाने को खोलकर देखा गया तो उसमें से अरुणाचल प्रदेश निर्मित रायल स्टैग 750 एमएल का 42 कार्टन, मैकडॉवेल 750 एमएल का 52 कार्टन, रायल स्टाइल 750 एमएल का 109 कार्टन बरामद हुआ।
शराब की कुल मात्रा 1827 लीटर पाई। चालक एवं खलासी की जेब से एक-एक मोबाइल बरामद हुआ। साथ ही डीएनएक्स कंपनी की 2223 पैकेट चाय पत्ती की जब्ती की गई। छापेमारी अभियान में थानाध्यक्ष अरविंद कुमार, सब इंस्पेक्टर शशिशंकर कुमार, लाल कृष्ण यादव, बासुकी नाथ सिंह आदि शामिल रहे।