खगड़िया। खगड़िया के अलौली प्रखंड की प्रखंड विकास पदाधिकारी (बीडीओ) श्वेतमिता आनंद को बुधवार सुबह लगभग 9 बजे खगड़िया सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया। फिलहाल वे आईसीयू में चिकित्सकों की निगरानी में इलाजरत हैं।उनके अस्पताल में भर्ती होने की सूचना के बाद प्रशासनिक हलकों में चर्चा का माहौल है।
सदर अस्पताल के प्रबंधक प्रणव कुमार ने बताया कि बीडीओ को नींद नहीं आने और अत्यधिक कमजोरी की शिकायत थी, जिसके बाद उन्हें अस्पताल लाया गया। वहीं सदर अस्पताल के उपाधीक्षक डॉ. धर्मेंद्र ने पुष्टि करते हुए कहा कि श्वेतमिता आनंद आईसीयू में भर्ती हैं और चिकित्सकीय निगरानी में हैं। उन्होंने स्वास्थ्य स्थिति को लेकर विस्तृत जानकारी देने से फिलहाल परहेज किया।
सूत्रों के अनुसार, खगड़िया महिला थाना अध्यक्ष खुशबू कुमारी ने अस्पताल पहुंचकर श्वेतमिता आनंद से मुलाकात की। आईसीयू के बाहर महिला थाना की पुलिस बल की तैनाती भी देखी गई। हालांकि पुलिस की मौजूदगी को लेकर आधिकारिक रूप से कोई बयान जारी नहीं किया गया है।
जानकारी के मुताबिक, श्वेतमिता आनंद 9 फरवरी को अलौली प्रखंड कार्यालय आई थीं, जबकि 10 फरवरी को वे कार्यालय नहीं पहुंचीं। वर्तमान में वे खगड़िया के चित्रगुप्त नगर मोहल्ले में रह रही हैं। उन्होंने 6 अक्टूबर 2025 को अलौली प्रखंड विकास पदाधिकारी के रूप में पदभार ग्रहण किया था।
प्रशासनिक सूत्रों का कहना है कि चिकित्सकों की टीम उनकी स्थिति पर लगातार नजर रखे हुए है। फिलहाल स्वास्थ्य में सुधार को लेकर आधिकारिक अपडेट का इंतजार किया जा रहा है। इसकी घटना की यहां तरह-तरह से चर्चा की जा रही है।