मुजफ्फरपुर : बिहार के मुजफ्फरपुर शहर के बेला क्षेत्र में मंगलवार को बदमाशों ने पुलिस के एक एएसआई (असिस्टेंट सब इंस्पेक्टर) को गोली मार दी। बाद में पुलिस के साथ मुठभेड़ में बदमाश को भी गोली लगी। उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बदमाश की पहचान मीनापुर के राष्ट्रीय जनता दल (आरजेडी) के प्रखंड अध्यक्ष उमाशंकर सहनी के पुत्र पप्पू सहनी के रूप में हुई है। इस घटना के दौरान लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने तुरंत घायल एएसआई विकास कुमार को बैरिया के मां जानकी अस्पताल में भर्ती कराया। उनकी हालत गंभीर है।
पप्पू सहनी गोलीबारी करके भागा
मुजफ्फरपुर जिले के बेला रोड पर मंगलवार को सुबह बाइक पर सवार दो बदमाश आए। उन्होंने वहां मौजूद बेला के औद्योगिक थाने के एसएसआई विकास कुमार को पेट में गोली मार दी। इसके बाद बदमाश वहां से भागे लेकिन उनकी पुलिस से मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली से आरोपी बदमाश आरजेडी के नेता का पुत्र पप्पू सहनी घायल हो गया। इसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। बाद में उसका सदर अस्पताल में उपचार कराया गया।
आरजेडी नेता का बेटा एटीएम फ्रॉड गिरोह का सरगना
जानकारी मिली है कि पप्पू सहनी एटीएम फ्रॉड गिरोह का सरगना है। मंगलवार को विकास कुमार और उनके एक साथी एएसआई ने उसको घेरने की कोशिश की। इसी बीच पप्पू सहनी ने गोली चला दी। विकास कुमार गोली लगने पर सड़क पर गिर गए। इसके तुरंत बाद सहनी फायरिंग करते हुए अपने साथी के साथ भाग गया। इससे वहां हड़कंप मच गया। इसके घटना के तुरंत बाद पुलिस ने पप्पू सहनी की घेराबंदी की। इसी दौरान मुठभेड़ हुई जिसमें पप्पू सहनी घायल हो गया।
एएसआई विकास कुमार की हालत नाजुक है। वे सारण जिले के निवासी हैं। उनका परिवार पटना में रहता है। उनका हालचाल जानने के लिए पुलिस के कई अधिकारी अस्पताल पहुंचे। पुलिस ने मौके से एक पिस्टल जब्त की है। बताया गया है कि बदमाश पप्पू सहनी ने दो राउंड फायरिंग की थी। इसमें से एक गोली विकास कुमार को लगी। पुलिस पप्पू सहनी से पूछताछ कर रही है।
पप्पू सहनी के पैर में गोली लगी
मुजफ्फरपुर के एसएसपी कांतेश कुमार ने कहा, "आज सुबह करीब 11:15 या 11:30 बजे क्रिमिनल पप्पू सहनी के पैर में गोली लगी और उसका अभी हॉस्पिटल में इलाज चल रहा है। मुझे जानकारी मिली थी कि एक एटीएम फ्रॉड क्रिमिनल है जो क्राइम कर रहा है। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर उसकी पहचान हुई। घटना बेला थाना इलाके में हुई। पूरी टीम अभी उनके गैंग के बाकी लोगों की पहचान करने में लगी हुई है। तीन अलग-अलग टीमें बनाई गई हैं, और बड़े अधिकारी इसका नेतृत्व कर रहे हैं। हम इस पूरे गैंग को पकड़ने की कोशिश कर रहे हैं।"