हेडलाइन:
मधेपुरा में अपहृत 9 वर्षीय बालक सकुशल बरामद, दो अपहरणकर्ता गिरफ्तार; पुलिस की त्वरित कार्रवाई से खुला मामला
चौसा (मधेपुरा)।
मधेपुरा पुलिस ने अपहरण के एक गंभीर मामले में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई करते हुए नौ वर्षीय बालक शाहनवाज को सकुशल बरामद कर लिया है। इस मामले में पुलिस ने दो अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया है। पुलिस उपाधीक्षक (रक्षित) रवि भूषण ने प्रेस को जानकारी देते हुए बताया कि बालक को आलमनगर थाना क्षेत्र अंतर्गत लदमा नहर के पास से बरामद किया गया।
उन्होंने बताया कि यह मामला तीन फरवरी 2026 को सामने आया, जब चौसा थाना क्षेत्र की चौसा पूर्वी पंचायत के बीरबल टोला निवासी मोहम्मद मुबारक (25) ने थाने में शिकायत दर्ज कराई। शिकायत में उन्होंने बताया कि दो फरवरी 2026 को उनका पुत्र शाहनवाज घर के बाहर खेल रहा था, इसी दौरान अज्ञात व्यक्ति ने उसका अपहरण कर लिया। बाद में मोबाइल फोन के जरिए परिजनों से फिरौती की मांग की जाने लगी।
घटना की गंभीरता को देखते हुए वरीय पुलिस पदाधिकारियों को तत्काल सूचना दी गई। इसके बाद पुलिस उपाधीक्षक रवि भूषण के नेतृत्व में विशेष टीम का गठन किया गया। इस टीम में जिला तकनीकी शाखा मधेपुरा के अधिकारी सहित चौसा, आलमनगर एवं फुलौत थाना के पुलिसकर्मी शामिल थे।
गठित टीम ने तकनीकी और गोपनीय इनपुट के आधार पर लगातार छापेमारी अभियान चलाया। इसी क्रम में आलमनगर थाना क्षेत्र के लदमा नहर के पास से अपहृत बालक शाहनवाज को बरामद कर लिया गया। मौके से दो अपहरणकर्ताओं को भी गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार अभियुक्तों में उदाकिशुनगंज थाना क्षेत्र के अखरी निवासी मोहम्मद अजहर (19), पिता जमहिर, शामिल है। पुलिस ने अपहरण में प्रयुक्त बाइक (निबंधन संख्या BR 43 AD 6065) और फिरौती मांगने के लिए इस्तेमाल किया गया मोबाइल फोन भी बरामद किया है।
छापेमारी दल में पुलिस उपाधीक्षक रवि भूषण, चौसा थानाध्यक्ष रवि कुमार पासवान, तकनीकी प्रभारी हारून राशीद, आलमनगर थानाध्यक्ष कुलवंत कुमार, फुलौत थानाध्यक्ष वरुण कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मी शामिल थे।
पुलिस की इस त्वरित कार्रवाई से जहां परिजनों ने राहत की सांस ली है, वहीं जिले में अपराधियों के खिलाफ सख्त संदेश भी गया है।