हेडलाइन:
31 साल पुराने केस में सांसद पप्पू यादव को जमानत, दूसरे मामले में रिमांड पर; अभी जेल से नहीं आएंगे बाहर
खबर:
पूर्णिया से सांसद पप्पू यादव को 31 साल पुराने एक मामले में पटना की एमपी-एमएलए विशेष अदालत से जमानत मिल गई है। हालांकि, फिलहाल उनकी जेल से रिहाई नहीं हो पाएगी, क्योंकि उन्हें एक अन्य मामले में रिमांड पर लिया गया है।
जिस मामले में जमानत मिली है, वह वर्ष 1995 का है। इसमें पप्पू यादव पर मकान पर अवैध कब्जा करने और जालसाजी के आरोप लगाए गए थे। पुलिस ने बीते शुक्रवार की आधी रात उन्हें पटना स्थित मंदिरी आवास से गिरफ्तार किया था। गिरफ्तारी के दौरान उनके समर्थकों और पुलिस के बीच गहमागहमी की स्थिति भी बनी थी।
गिरफ्तारी के बाद पटना के बुद्धा कॉलोनी थाने में पप्पू यादव के खिलाफ एक अलग मामला दर्ज किया गया, जिसमें वे फिलहाल रिमांड पर हैं। इस केस की सुनवाई बुधवार को पटना की एमपी-एमएलए कोर्ट में होगी। ऐसे में सांसद को कम से कम एक और रात बेऊर जेल में बितानी पड़ेगी।
वहीं, मंगलवार को हुई सुनवाई के दौरान पप्पू यादव ने पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने दावा किया कि उनकी हत्या की साजिश रची जा रही है और कहा कि उन्हें स्थानीय पुलिस पर भरोसा नहीं है।