बक्सर। बक्सर में कवलदह पोखर के पास प्रापर्टी डीलर हृदयानंद यादव और चौसा में राजद नेता अर्जुन यादव हत्याकांड के मुख्य आराेपित राजा दुबे को पटना एसटीएफ की कार्रवाई में शुक्रवार की शाम दानापुर स्थित सगुना मोड़ से गिरफ्तार कर लिया गया।
उसके ऊपर बक्सर में पांच और यूपी में तीन संगीन मामले दर्ज हैं। पुलिस अधीक्षक शुभम आर्य ने इसकी जानकारी देते बताया कि दोनों हत्याकांड के कुछ आरोपितों को पहले ही गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है।
लेकिन इटाढ़ी थाना क्षेत्र के सिकटौना निवासी राजा दुबे लगातार फरार चल रहा था। शुक्रवार की शाम दानापुर के सगुना मोड़ पर होने की जानकारी मिली।
इसके बाद सदर एसडीपीओ गौरव पांडेय के नेतृत्व में मुफस्सिल थानाध्यक्ष शंभु भगत के साथ टीम का गठन किया गया और बक्सर पुलिस ने पटना एसटीएफ के सहयोग से छापेमारी कर गिरफ्तार कर लिया और बक्सर पुलिस द्वारा पटना से अभियुक्त को बक्सर लाया गया।
- आधा दर्जन हत्या में शामिल राजा दुबे पटना के सगुना मोड़ से गिरफ्तार
- प्राेपर्टी डीलर हृदयानंद यादव और चौसा के अर्जुन यादव हत्या का है आरोपित
एसपी ने बताया कि राजा दुबे के खिलाफ बक्सर में दो हत्या तथा एक लूट समेत कुल पांच मामले दर्ज हैं, जिनमें नगर थाना में तीन तथा मुफस्सिल थाना में एक मामला दर्ज है।
वहीं, यूपी में उसके खिलाफ तीन मामले दर्ज हैं। उत्तर प्रदेश पुलिस द्वारा पहले राजा दुबे को गिरफ्तार कर जेल भी भेजा जा चुका है।
एसपी ने बताया कि पुलिस की पूछताछ में राजा दुबे ने हत्या की दोनों घटनाओं में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली है। अर्जुन यादव हत्याकांड में यूपी से शूटरों को बुलाने का काम राजा दुबे ने ही किया था।
छापेमारी में शामिल पुलिस टीम
एसपी ने बताया कि राजा दुबे की गिरफ्तारी के लिए पुलिस को काफी मशक्कत करनी पड़ी है। छापेमारी टीम में मुफस्सिल थानाध्यक्ष के साथ डीआयू प्रभारी सुधीर कुमार, मु. थाना के एसआई चंदन कुमार, डीआइयू के एसआई चंदन कुमार, मंगलेश कुमार तथा डीआइयू के सशस्त्र बल के जवान शामिल थे।