सरायगढ़ (सुपौल)। भपटियाही थाना पुलिस ने शराब तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए सोमवार की संध्या नेशनल हाईवे 27 पर एक मोटरसाइकिल से 146 बोतल नेपाली शराब बरामद की है। इस दौरान पुलिस ने शराब तस्करी में संलिप्त एक व्यक्ति को भी गिरफ्तार किया है।
पकड़े गए तस्कर की पहचान रोशन कुमार, ग्राम बेलोखरा, थाना पिपरा के रूप में की गई है। इस कार्रवाई के बाद इलाके में शराब तस्करों के बीच हड़कंप मच गया है।
नेशनल हाईवे–27 पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू
प्राप्त जानकारी अनुसार भपटियाही पुलिस को सूचना मिली थी कि एक मोटरसाइकिल के जरिए भारी मात्रा में नेपाली शराब की खेप नेशनल हाईवे–27 के रास्ते पिपरा थाना क्षेत्र की ओर ले जाई जा रही है।
सूचना को गंभीरता से लेते हुए थानाध्यक्ष संजय कुमार दास के नेतृत्व में पुलिस टीम ने त्वरित कार्रवाई की योजना बनाई और सोमवार की संध्या नेशनल हाईवे–27 पर सघन वाहन जांच अभियान शुरू कर दिया। पुलिस टीम द्वारा बताए गए हुलिये की मोटरसाइकिल पर विशेष नजर रखी जा रही थी। इसी दौरान कुछ ही देर बाद एक ग्लैमर मोटरसाइकिल पर सवार युवक पुलिस की ओर आता दिखाई दिया।
पुलिस को देखते ही युवक घबराया
पुलिस को देखते ही युवक घबराया हुआ नजर आया और जैसे ही उसे रुकने का इशारा किया गया, वह मोटरसाइकिल मोड़कर भागने का प्रयास करने लगा। हालांकि पुलिस टीम की सतर्कता और तत्परता के कारण उसे कुछ ही दूरी पर खदेड़ कर पकड़ लिया गया।