Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:जापान की मारिया बनी मधेपुरा के राहुल की दुल्हन, टोकियो से रौता गांव तक पहुंची प्रेम कहानी - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Friday, December 19, 2025

MADHEPURA:जापान की मारिया बनी मधेपुरा के राहुल की दुल्हन, टोकियो से रौता गांव तक पहुंची प्रेम कहानी

हेडलाईन:
जापान की मारिया बनी मधेपुरा के राहुल की दुल्हन, टोकियो से रौता गांव तक पहुंची प्रेम कहानी

पूरी खबर:
संवाद सूत्र, पुरैनी, मधेपुरा। कहते हैं प्रेम सीमाओं का मोहताज नहीं होता—इस कथन को कुरसंडी पंचायत के रौता गांव निवासी आईआईटियन इंजीनियर राहुल कुमार ने सच कर दिखाया है। जापान की धरती पर शुरू हुई दोस्ती जब प्यार में बदली, तो टोकियो से लेकर बिहार के एक छोटे से गांव तक भावनाओं का सेतु बन गया।

राहुल कुमार वर्ष 2020 से जापान में रह रहे हैं और वहां प्रतिष्ठित होंडा कंपनी के सीनियर एएल ऑटोमेटिक डिवीजन में इंजीनियर के पद पर कार्यरत हैं। इसी दौरान उनकी मुलाकात टोकियो निवासी मारिया से हुई, जो तोशीघिया लिमिटेड के ओवरसीज डिपार्टमेंट में ग्लोबल सेल्स मैनेजर के रूप में कार्य कर रही हैं। एक बिजनेस पार्टी में हुई यह मुलाकात पहले दोस्ती और फिर गहरे रिश्ते में बदल गई।

दोनों की दोस्ती करीब दो वर्षों तक चली। बातचीत हाय-हलो से शुरू होकर फोन कॉल और फिर जीवनभर के साथ का वादा बन गई। अंततः दोनों परिवारों की आपसी सहमति से नवंबर माह में टोकियो में राहुल और मारिया ने विवाह कर लिया और सात जन्मों के रिश्ते में बंध गए।

शादी के बाद जब दंपती राहुल के गांव रौता पहुंचे तो पूरे इलाके में उत्सव का माहौल बन गया। जापानी दुल्हन मारिया भले ही हिंदी नहीं जानती हों, लेकिन उन्होंने भारतीय संस्कृति और संस्कारों से सभी का दिल जीत लिया। वे आने वाले मेहमानों का हाथ जोड़कर अभिवादन करती रहीं और अंग्रेजी में “नमस्ते इंडिया” और “आई लव इंडिया” कहकर लोगों का स्वागत किया। प्रीतिभोज में पहुंचे लोग उनके साथ सेल्फी लेते नजर आए।

मारिया स्थानीय लोगों से टूटी-फूटी अंग्रेजी, हिंदी और इशारों में संवाद करने की कोशिश करती रहीं, जिसे देखकर हर कोई प्रभावित हुआ। टोकियो से शुरू हुई राहुल और मारिया की यह प्रेम कहानी अब मधेपुरा के रौता गांव तक पहुंचकर मिसाल बन गई है, जो यह साबित करती है कि सच्चा प्यार न भाषा देखता है, न देश और न ही सीमाएं।