Kosi Live-कोशी लाइव MADHEPURA:जमीन विवादों के निष्पादन को दें प्राथमिकता, भू-माफियाओं पर करें सख्त कार्रवाई: जनता दरबार में एसपी डॉ. संदीप सिंह - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Saturday, December 13, 2025

MADHEPURA:जमीन विवादों के निष्पादन को दें प्राथमिकता, भू-माफियाओं पर करें सख्त कार्रवाई: जनता दरबार में एसपी डॉ. संदीप सिंह

हेडलाइन :
जमीन विवादों के निष्पादन को दें प्राथमिकता, भू-माफियाओं पर करें सख्त कार्रवाई: जनता दरबार में एसपी डॉ. संदीप सिंह

पूरी खबर :
मधेपुरा। ट्रैफिक व्यवस्था सुधारने, अपराध नियंत्रण और भू-माफियाओं पर शिकंजा कसने को लेकर पुलिस मुख्यालय के निर्देशानुसार अब प्रत्येक सप्ताह दो थानों में जनता दरबार का आयोजन किया जाएगा, जहां एसपी खुद आम लोगों से सीधा संवाद कर उनकी फरियाद सुनेंगे। यह बातें शनिवार को सदर थाना परिसर में आयोजित जनता दरबार के दौरान एसपी डॉ. संदीप सिंह ने कही।

जनता दरबार के दौरान एसपी ने एक-एक कर लोगों की समस्याएं सुनीं और उनके त्वरित निवारण के लिए सदर थानाध्यक्ष विमलेंदु कुमार को आवश्यक निर्देश दिए। इस मौके पर लोगों ने मुख्य रूप से तीन अहम मुद्दों पर अपनी शिकायतें और चिंताएं रखीं।

पहला मुद्दा ट्रैफिक जाम से जुड़ा रहा। फरियादियों ने बताया कि भिरखी ओवरब्रिज से पूर्णिया गोला के पास हमेशा जाम की स्थिति बनी रहती है, जिससे आम जनजीवन और व्यापार दोनों बुरी तरह प्रभावित हो रहे हैं। इस पर एसपी ने समस्या के समाधान के लिए तत्काल और ठोस कदम उठाने का आश्वासन दिया।

दूसरा अहम विषय क्राइम कंट्रोल को लेकर रहा। स्थानीय लोगों ने चोरी, चेन स्नेचिंग सहित अन्य आपराधिक घटनाओं पर लगाम लगाने की मांग की। विशेष रूप से बाइकर्स गैंग के खिलाफ सख्त कार्रवाई और प्रभावी रात्रि गश्ती बढ़ाने की अपील की गई। इस पर एसपी ने अपर पुलिस अधीक्षक सह अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी प्रवेंद्र भारती को निर्देश दिया कि वे अपने क्षेत्र में क्राइम मैपिंग कर संवेदनशील स्थानों पर निगरानी बढ़ाएं और पेशेवर अपराधियों की धरपकड़ तेज करें।

तीसरी और सबसे गंभीर शिकायत भू-माफियाओं की सक्रियता को लेकर सामने आई। कई फरियादियों ने आरोप लगाया कि भू-माफिया जबरन जमीन पर कब्जा कर रहे हैं, लोगों को धमका रहे हैं और फर्जी कागजात के सहारे जमीन हड़पने का प्रयास कर रहे हैं। इस पर एसपी डॉ. संदीप सिंह ने स्पष्ट कहा कि जमीन विवादों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाया जाएगा और भू-माफियाओं के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।

जनता दरबार के बाद मौके पर एएसपी सह एसडीपीओ प्रवेंद्र भारती सहित अन्य पुलिस पदाधिकारी भी मौजूद रहे। पुलिस प्रशासन ने भरोसा दिलाया कि आम जनता की समस्याओं का समाधान प्राथमिकता के साथ किया जाएगा और कानून व्यवस्था को मजबूत किया जाएगा।