Kosi Live-कोशी लाइव SAHARSA:दुःख पर टूटा दोहरा पहाड़: पिता के अंतिम संस्कार को जा रहे बेटे की सड़क दुर्घटना में जान गई - Kosi Live-कोशी लाइव

KOSILIVE BREAKING NEWS

Tuesday, November 18, 2025

SAHARSA:दुःख पर टूटा दोहरा पहाड़: पिता के अंतिम संस्कार को जा रहे बेटे की सड़क दुर्घटना में जान गई

 


सहरसा: पिता का अंतिम संस्कार करने जा रहे युवक की सड़क हादसे में दर्दनाक मौत, बाइक सवार युवक बंधक

सौरबाज़ार (सहरसा)। पिता का अंतिम संस्कार करने जा रहे युवक की सोमवार शाम सड़क दुर्घटना में मौत हो गई। घटना बैजनाथपुर–सोनवर्षाराज मुख्य मार्ग पर सौरबाजार थाना क्षेत्र के अर्रहा गांव के पास की है।

जानकारी के अनुसार सुहथ पंचायत के वार्ड 4 अर्रहा गांव निवासी 55 वर्षीय घुरण साह का निधन लंबी बीमारी के बाद हो गया था। अंतिम संस्कार के लिए शव लेकर परिवारजन श्मशान घाट जा रहे थे। इसी दौरान मृतक के ज्येष्ठ पुत्र चलितर साह (30 वर्ष) को विपरीत दिशा से आ रहे एक बाइक सवार युवक ने जोरदार धक्का मार दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया।

परिजनों ने श्मशान यात्रा रोककर चलितर को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान कुछ घंटों बाद उसकी मौत हो गई। पिता के बाद पुत्र की मौत से परिवार में कोहराम मच गया। पिता को छोटे बेटे सुशील साह ने मुखाग्नि दी। गांव में शोक और मातम का माहौल है।

ग्रामीणों का आक्रोश, बाइक सवार बना बंधक
घटना से गुस्साए ग्रामीणों ने सोनवर्षाराज थाना क्षेत्र के पररिया निवासी बाइक सवार युवक को पकड़कर बंधक बना लिया। देर शाम तक ग्रामीण, पुलिस और आरोपी युवक के परिजनों के बीच समझौते की बातचीत जारी रही।

पुलिस कार्रवाई में जुटी
थानाध्यक्ष अजय कुमार पासवान ने बताया कि युवक की सड़क दुर्घटना में मौत हुई है। शव को पोस्टमार्टम हेतु कब्जे में लेकर कानूनी प्रक्रिया पूरी की जा रही है। साथ ही ग्रामीणों के चंगुल से आरोपी बाइक सवार को मुक्त कराने के प्रयास किए जा रहे हैं।